भारत-जापान-अमेरिका में हुई त्रिपक्षीय वार्ता - Zee News हिंदी

भारत-जापान-अमेरिका में हुई त्रिपक्षीय वार्ता




 

वाशिंगटन : एशिया-प्रशांत क्षेत्र में चीनी सेना की बढ़ती गतिविधियों के बीच भारत, जापान और अमेरिका ने यहां अपनी पहली त्रिपक्षीय वार्ता में आपसी महत्व के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।

 

त्रिपक्षीय चर्चा के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया है, इस वार्ता से तीनों देशों की सरकारों के बीच विचार विमर्श की एक नई श्रंखला शुरु हुई है। एशिया प्रशांत क्षेत्र और वैश्विक स्तर पर तीनों देशों के मूल्य और हित साझा है। यह त्रिपक्षीय संवाद ऐसे समय पर हो रहा है जब संसाधनों से समृद्ध दक्षिण चीन सागर पर संप्रभुता के मुद्दे को लेकर चीन तथा वियतनाम एवं फिलीपीन जैसे दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

 

अमेरिका के दक्षिणी और मध्य एशिया मामलों के उप विदेश मंत्री रॉबर्ट ब्लैक और पूर्वी एशिया एवं प्रशांत क्षेत्र के लिए उप विदेश मंत्री कर्ट कैंपबेल ने संयुक्त रूप से इस बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व संयुक्त सचिव जावेद अशरफ और गौतम बांबवाले ने किया। जारी संयुक्त बयान में कहा गया, सभी पक्षों ने स्पष्ट और व्यापक विचार विमर्श का स्वागत किया और माना कि बातचीत के बाद तीनों देश अपने आपसी हितों को पूरा करने में सहायता करेंगे। तीनों देशों के इस समूह ने वर्ष 2012 में तोक्यो में मिलकर इस बातचीत को आगे बढ़ाने पर अपनी सहमति जताई।

 

इससे पहले, दिन में अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और जापानी विदेश मंत्री कोइचीरो गेम्बा ने भारत के साथ रणनीतिक सहयोग प्रगाढ़ करने की जरूरत पर जोर दिया। गेंबा ने हिलेरी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं से कहा, भारत पर जैसा कि विदेश मंत्री ने सुझाव दिया है, हम जोर देकर कहते हैं कि जापान और अमेरिका, भारत के साथ रणनीतिक सहयोग मजबूत कर रहे हैं।  (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 20, 2011, 17:53

comments powered by Disqus