भारत-पाक सीबीएम पर करेंगे चर्चा - Zee News हिंदी

भारत-पाक सीबीएम पर करेंगे चर्चा




इस्लामाबाद : द्विपक्षीय वार्ता प्रकिया के तहत भारत और पाकिस्तान के अधिकारी परमाणु और पंरपरागत विश्वास बहाली (सीबीएम) के उपायों पर चर्चा के लिए 26-27 दिसंबर के दौरान यहां बैठक करेंगे।

 

राजनयिक सूत्रों ने यहां बताया कि हालांकि विदेश सचिव समेत अन्य अधिकारियों ने इस्लामाबाद और नई दिल्ली में हाल की बैठकों के दौरान परमाणु एवं परंपरागत सीबीएम पर चर्चा की है लेकिन इन विषयों पर संयुक्त कार्यबल की यह पहली बैठक होगी।

 

सूत्रों ने बताया कि इस आगामी बैठक में जिन अन्य मुद्दों पर चर्चा हो सकती हैं उनमें जम्मू कश्मीर, मिसाइल परीक्षण से जुड़े विश्वास बहाली के उपाय तथा नियंत्रण रेखा के आरपार व्यापार एवं यात्रा को बढ़ाने के कदम शामिल हैं। सू़त्रों ने बताया कि असैन्य परमाणु प्रौद्योगिकी तक पहुंच के अपने मामले को मजबूत करने के प्रयास के तहत पाकिस्तान भारत के साथ असैन्य परामणु सहयोग के मुद्दे पर बल दे रहे है जिसमें फुकुशिमा जैसी स्थिति से निबटने के उपायों पर चर्चा का भी प्रस्ताव भी शामिल है।

 

 

सूत्रों के अनुसार यह (सैन्य परमाणु सहयोग) मुद्दा भी इस बैठक में उठ सकता है। इस बैठक के लिए भारतीय पक्ष में वे राजनयकि शामिल होंगे जो पाकिस्तान और निशस्त्रीरण के मुद्दे देखते रहे हैं। पाकिस्तान पक्ष की अगुवाई विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव स्तर का अधिकारी करेगा।

 

परमाणु और परंपरागत सीबीएम पर संयुक्त कार्यबल की पिछली बैठक अक्तूबर, 2007 में हुई थी। भारत और पाकिस्तान ने दो साल के अंतराल के बाद यह वार्ता प्रक्रिया बहाल की है। वर्ष 2008 के मुम्बई हमले के कारण यह वार्ता प्रक्रिया थम गयी थी। इस हमले के पीछे पाकिस्तान से अपनी गतिविधियां चलाने वाले आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा का हाथ बताया जाता है।  (एजेंसी)

First Published: Thursday, December 22, 2011, 18:10

comments powered by Disqus