Last Updated: Wednesday, July 24, 2013, 10:26
वाशिंगटन : व्हाइट हाउस ने कहा है कि ओबामा प्रशासन भारत के साथ आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाना चाहता है। इससे पहले अमेरिकी उप राष्ट्रपति जोए बाइडन की दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए भारतीय शीर्ष नेतृत्व के साथ मुलाकात के बाद दिल्ली यात्रा संपन्न हुई।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्नी ने संवाददाताओं को बताया कि उपराष्ट्रपति अमेरिकी राष्ट्रपति के जिस संदेश को लेकर भारतीय अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं, वह संदेश यह है कि हम भारत के साथ अपने आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
एक सवाल के जवाब में कार्नी ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों ने पिछले कई वषरें से एक सकारात्मक दिशा ली है इसलिए अब इन दोनों देशों के पास पहले से भी ज्यादा घनिष्ठता के साथ मिलकर काम करने की अपार संभावनाएं हैं। दिल्ली यात्रा पूरी कर बाइडन आज मुंबई जाएंगे जहां वह अमेरिका भारत संबंधों पर एक व्याख्यान देंगे और उद्योगपतियों, सामुदायिक नेताओं तथा छात्रों से मुलाकात करेंगे। यह जिक्र करते हुए कार्नी ने कहा कि उपराष्ट्रपति भारत में आर्थिक वृद्धि, व्यापार, उर्जा और जलवायु परिवर्तन के साथ-साथ सुरक्षा मसलों और शैक्षणिक मसलों जैसे बहुत से मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।
कार्नी ने कहा कि उनके इस यात्रा पर जाने से पहले मैंने उनसे बात की थी। वे इस यात्रा को लेकर बहुत आशान्वित थे। बाइडन और राष्ट्रपति भारत के साथ हमारे संबंधों को बहुत ज्यादा महत्व देते हैं और वे इस संबंध को और ज्यादा मजबूत तथा सहयोगात्मक बनाने के रास्ते खोज रहे हैं। भारत यात्रा से पहले बाइडन ने विदेश मंत्री जॉन केरी से मुलाकात की थी। जॉन केरी हाल ही में भारत की सफल यात्रा से लौटे हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 24, 2013, 10:26