'मध्य पूर्व में ईरान सबसे बड़ी चुनौती' - Zee News हिंदी

'मध्य पूर्व में ईरान सबसे बड़ी चुनौती'

वाशिंगटन : अमेरिका और इजराइल ने कहा कि मध्य पूर्व में दुनिया के सामने ईरान सबसे बड़ी चुनौती के रूप में खड़ा है। यह कहते हुए दोनों देशों ने ईरान को परमाणु हथियार क्षमता का विकास करने से रोकने के लिए अंतर्राष्ट्रीय प्रयासों को जारी रखने पर बल दिया।

 

शुक्रवार को दोनों देशों के प्रतिनिधि अर्द्धवार्षिक रणनीतिक वार्ता के लिए वाशिंगटन में मिले। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उप विदेश मंत्री विलियम बर्न्‍स ने किया जबकि इजराइल के उप विदेश मंत्री डेनियल अयालन इजराइल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे। एक संयुक्त वक्तव्य में दोनों देशों ने कहा, ‘आज की इस रणनीतिक वार्ता में बहुत सारे विषयों पर बात हुई। यह स्पष्ट है कि ईरान मध्य पूर्व में हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती के रूप में खड़ा है। ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम के संबंध में अंतर्राष्टीय दायित्वों का पालन नहीं कर रहा है। ईरान ने आतंकी संगठनों को समर्थन देना जारी रखा है। यह हम दोनों देशों और पूरे अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के लिए गंभीर चिंता का विषय है।’

 

इस संयुक्त वक्तव्य में कहा गया कि ईरान के व्यवहार में बदलाव लाने और उसे परमाणु हथियार क्षमता के विकास से रोकने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा किए जा रहे प्रयास बहुत महत्वपूर्ण हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 2, 2011, 17:04

comments powered by Disqus