मनीला में बाढ़ का कहर, लाखों लोग घर छोड़े

मनीला में बाढ़ का कहर, लाखों लोग घर छोड़े

मनीला में बाढ़ का कहर, लाखों लोग घर छोड़ेमनीला : फिलीपीन में बीते कई दिनों से तबाही मचा रही बाढ़ की जद में आज राजधानी मनीला का आधा हिस्सा आ गया जबकि ढाई लाख लोग राजधानी छोड़ कर सुरक्षित स्थानों पर पनाह लेने के लिए मजबूर हो गए। बाढ़ से राजधानी मनीला में जनजीवन थम गई है। तूफानी बारिश का सिलसिला जारी है। बाढ़ से घर बह गए। लोग घरों की छतों में पनाह लिए हैं। बाढ़ और बारिश से भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।

अब तक यहां तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश में कम से कम 15 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। राजधानी और निकटवर्ती प्रांतों में बाढ़ से बेतहाशा नुकसान पहुंचा है।

करीब डेढ़ करोड़ की आबादी वाली राजधानी मनीला में स्कूल और वित्तीय बाजार के साथ ज्यादातर सरकारी दफ्तार बंद हैं। महानगर की ज्यादातर प्रमुख सड़के जलमग्न हैं। कुछ इलाकों में तो पानी इस कदर ज्यादा है कि लोगों की गर्दन तक पहुंच रहा है।

सरकारी मौसम विभाग के जिने निवारेज ने बताया, अगर हम प्रतिशत में पेश करें तो महानगरीय मनीला का कम से कम 50 फीसद हिस्सा बाढ़ में है। स्थानीय टेलीविजन चैनलों में जो फुटेज दिखाई जा रहे हैं उनमें उफन रही नदियों में बहते घरों का मंजर है। लोग अपने घरों की छत पर बेसहारा पड़े हैं।

राष्ट्रपति बेनिग्नो एक्विनो ने नागरिक रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि सरकार लोगों की मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। एक्विनो ने कहा, हर वह व्यक्ति जिसे कुछ करना है वह वह कर रहा है जिसकी उससे अपेक्षा है। इस बीच राष्ट्रीय आपदा जोखिम कटौती एवं प्रबंधन परिषद (नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन ऐंड मैनेजमेंट काउंसिल) ने कहा कि आठ लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। 18,600 लोगों ने सरकारी पुनर्वास केन्द्रों में शरण ले रखी है जबकि 2,31,000 लोगों ने अपने दोस्तों या रिश्तेदारों के यहां पनाह ले रखी है।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि एक ही परिवार के नौ लोगों की उस समय मौत हो गई जब शहर के उत्तरी हिस्से में एक झुग्गी भूस्खलन के जद में आ गई।

स्थानीय लोक सुरक्षा कार्यालय के मारिबेल मेंडोजा ने बताया कि मनीला के उपनगरीय इलाके में भूस्खलन में चार मकान मलबे में तब्दील हो गए हैं। निकटवर्ती प्रांतों में भी बाढ़ से लोगों के मरने की रिपोर्टें हैं। बुलाकान में चार लोग डूब कर मर गए जबकि बाटंगास में दो लोगों की मौत हो गई। बचाव कार्य में सेना के लोग भी जुटे हैं। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, August 7, 2012, 21:14

comments powered by Disqus