Last Updated: Thursday, August 16, 2012, 00:23
इस्लामाबाद : पाकिस्तान की एक अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ समेत कई लोगों के खिलाफ आज गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया जिन पर वर्ष 2006 में बलूच राष्ट्रवादी नेता अकबर बुग्ती की हत्या का आरोप लगाया है।
बलूचिस्तान प्रांत में सिबी की एक आतंकवाद निरोधक अदालत के न्यायाधीश नवाज खान बराकजई ने आरोपियों को पेश करने में पुलिस के विफल रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस को आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच सितंबर को अगली सुनवाई के दौरान पेश करने का निर्देश दिया।
इस मामले में मुशर्रफ के अलावा अन्य आरोपी पूर्व प्रधानमंत्री शौकत अजीज, पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री अफताब अहमद खान शेरपाओ, बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री जाम मुहम्मद युसूफ, पूर्व गवर्नर अवैस अहमद गनी, और पूर्व प्रांतीय गृहमंत्री सुहैब नौशरवानी हैं। युसूफ को बलूचिस्तान उच्च न्यायालय ने तीन सिंतबर तक के लिए जमानत दे दी है जबकि शेरपाओ को पेशावर उच्च न्यायालय ट्रांजिट जमानत दे रखा है। बुग्ती वर्ष 2006 में सैन्य अभियान में मारे गए थे। इस अभियान के लिए मुशर्रफ ने आदेश दिया था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, August 16, 2012, 00:23