मुशर्रफ के सिर पर 10 करोड़ का इनाम - Zee News हिंदी

मुशर्रफ के सिर पर 10 करोड़ का इनाम

इस्लामाबाद : आत्म निर्वासन से पाकिस्तान लौटने की परवेज मुशर्रफ की योजना से पूर्व ही दिवंगत बलूच नेता अकबर बुगती के पोते ने पूर्व सैन्य शासक के सिर पर दस करोड़ दस लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। शाहजेन बुगती ने रविवार को सिंध प्रांत के पीर जो गोथ में संवाददाताओं से कहा कि जो भी मुशर्रफ को मारेगा, हम उसे दस लाख रुपये नकद तथा दस करोड़ रुपये का बंगला देंगे। और हम उसे पूरी सुरक्षा भी मुहैया कराएंगे।

 

अकबर बुगती तथा उनके कई सहयोगी वर्ष 2006 में कोहलू जिले में एक सैन्य अभियान में मारे गए थे। इस अभियान का आदेश मुशर्रफ ने दिया था जो उस समय सेना प्रमुख और राष्ट्रपति भी थे। हाल ही में मारे गए राजनेता पीर पगारा के परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से शाहजेन बुगती ने मुशर्रफ को फांसी दिए जाने की मांग की।

 

जम्हूरी वतन पार्टी के वरिष्ठ नेता शाहजेन ने कहा कि मुशर्रफ के लिए फांसी का फंदा तैयार है। यदि उन्हें यहां आने पर सरकार ने गिरफ्तार नहीं किया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। शाहजेन ने आरोप लगाया कि मुशर्रफ सैंकड़ों लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार हैं।

 

उन्होंने दावा किया कि उन्होंने न केवल मेरे दादा को मारा बल्कि इस्लामाबाद में लाल मस्जिद अभियान के दौरान सैंकड़ों निर्दोष लोगों की हत्या की। मौलवियों ने उन्हें वाजिब उल कत्ल (मारने योग्य) करार दिया है। मुशर्रफ ने हाल ही में ऐलान किया था कि वह 27 से 30 जनवरी के बीच पाकिस्तान लौटने की इच्छा रखते हैं। अकबर खान बुग्ती और लाल मस्जिद के बेगुनाहों की हत्या का जिम्मेदार मानते हुए उलेमा- ए- इकरम ने मुशर्रफ को वजीबुल कत्ल करार दिया था। जिसके तहत हत्या करने को सही ठहराया गया।

 

कुछ ही दिन पहले अपने बयान में कहा था कि वह पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ वापस देश लौटने के लिए अपनी जान की बाजी लगाने को तैयार हैं। उनका कहना है कि संकट की इस घड़ी में पाकिस्तानी जनता को सही विकल्प की तलाश है।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 17, 2012, 09:24

comments powered by Disqus