Last Updated: Wednesday, August 14, 2013, 20:48
इस्लामाबाद: संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने बुधवार को कहा कि संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान की मदद जारी रखेगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में बान ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान के त्याग को याद किया।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि आतंकवाद से लड़ाई के लिए विश्व निकाय पूरा समर्थन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांति को प्रोत्साहित करने वाला और महत्वपूर्ण साझेदार है और संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में बड़ी भागीदारी निभाता है।
पाकिस्तान में हाल ही में संपन्न चुनाव को देश के इतिहास में मील का पत्थर करार देते हुए बान ने कहा कि यह पाकिस्तान और संयुक्त राष्ट्र दोनों के लिए विभिन्न स्तरों पर अपने संबंध को और गहरा करने का उपयुक्त समय है।
उन्होंने हाल की बाढ़ से पीड़ित लोगों के प्रति सहानुभूति जताई और कहा कि जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित होने वाले देशों में से पाकिस्तान भी एक है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, August 14, 2013, 20:48