मेमोगेट: पाशा को गवाह बनाने से इनकार - Zee News हिंदी

मेमोगेट: पाशा को गवाह बनाने से इनकार

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के चर्चित मेमोगेट कांड की जांच कर रहे पैनल ने हुसैन हक्कानी की पूर्व आईएसआई प्रमुख शुजा पाशा को गवाह बनाने की गुहार को खारिज कर दिया। पूर्व राजूदत हक्कानी ने कहा है कि आयोग अब एक आभासी अभियोजन का रूप धारण कर चुका है।

 

पाक सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त मेमोगेट कांड की जांच कर रहे आयोग ने हक्कानी द्वारा कूटनीतिक राशि के उपयोग पर लिखित स्पष्टीकरण को स्वीकार करने से मना कर दिया। एक अंतराल के बाद तीन जजों के पैनल ने कल दोबारा सुनवाई शुरु की। पाकिस्तानी उद्योगपति मंसूर एजाज द्वारा मेमो को सार्वजनिक किये जाने के बाद हक्कानी को अमेरिकी राजदूत के पद से इस्तीफा देने के लिये कहा गया था।

 

एजाज ने दावा किया था कि उसने हक्कानी के निर्देशों पर अमेरिकी सेना के प्रमुख को ज्ञापन भेजा था। हालांकि सरकार ने एजाज़ के दावे को खारिज कर दिया था। हक्कानी इन दिनों अमेरिका में है और उनका कहना है कि वह पाकिस्तान वापस नहीं लौट सकते क्योंकि उनका अमेरिका में दिल की बीमारी का इलाज चल रहा है।

 

उनके वकील जहीद बुखारी ने आयोग के समक्ष शूजा पाशा को गवाह के रूप में पेश किये जाने के लिये अर्जी दी थी। हालांकि पैनल ने इस गुहार को इस्लामाबाद हाई कोर्ट परिसर में चली कार्यवाही में खारिज कर दिया। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 4, 2012, 15:43

comments powered by Disqus