यमन में रेडक्रॉस के २ भारतीय कर्मचारी अगवा

यमन में रेडक्रॉस के 2 भारतीय कर्मचारी अगवा

अदन : यमन के दक्षिणी हिस्से में हथियारबंद कबायलियों ने रेडक्रॉस के लिए काम करने वाले दो भारतीय नागरिकों को बंधक बना लिया है।

सरकार समर्थक स्थानीय मिलीशिया के एक सदस्य ने बताया, ‘बंदूकधारियों ने आबयान प्रांत के जार में इंडियन रेडक्रॉस के दो कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया है।’ अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस समिति (पश्चिम एशिया) की प्रवक्ता दीबेह फख्र ने जिनिवा से फोन के जरिए बातचीत में इसकी पुष्टि की है कि दो कर्मचारियों का अपहरण हो गया है और उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए बातचीत चल रही है।

स्थानीय मिलीशिया ‘पापुलर रेसिस्टेंस कमिटीज’ के सूत्रों का कहना है कि मिलीशिया के उप प्रमुख अली अल सैयद बंधकों की रिहाई के लिए बातचीत कर रहे हैं।

स्थानीय मिलीशिया से जुड़े एक व्यक्ति ने कहा, ‘हम उम्मीद करते हैं कि अगले कुछ घंटों में रिहाई हो जाएगी। रेडक्रॉस के कर्मचारी यहां मानवीय मिशन पर हैं।’ भारतीयों का अपहरण करने वाले बंदूकधारियों का ताल्लुक माराकिशा नामक कबायली संगठन से ही। इसी संगठन के बंदूकधारियों ने बीते सोमवार को मिस्र के दो लोगों को बंधक बनाया था।

एक स्थानीय अधिकारी ने कहा कि अपहर्ता अपने एक साथी की रिहाई की मांग कर रहे हैं। उनका यह साथी हत्या के मामले में जेल में बंद है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, May 8, 2013, 20:40

comments powered by Disqus