यूएन ने सीरिया से हिंसा रोकने को कहा - Zee News हिंदी

यूएन ने सीरिया से हिंसा रोकने को कहा

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने सीरियाई राष्ट्रपति बसर-अल-असद को अपने लोगों के खिलाफ हिंसा फौरन रोकने को कहा है।

 

बेरुत, लेबनान में सुधार और लोकतंत्र पर एक उच्च स्तरीय बैठक में बान ने कहा, ‘मैं एक बार फिर से सीरिया के राष्ट्रपति असद को हिंसा रोकने के लिए कह रहा हूं। अपने लोगों की हत्या को रोकें, दमन के रास्ते की कोई मंजिल नहीं है।’

 

बान की यह टिप्पणी ऐसे समय में आयी है, जब सीरियाई सरकार पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ता जा रहा है और देश में सशस्त्र विद्रोह के कारण गृहयुद्ध शुरू होने की आशंका बढ़ती जा रही है।

 

अमेरिका की अगुवाई में अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी सीरियाई राष्ट्रपति से हिंसा रोकने के लिए कहा है। ओबामा प्रशासन ने कहा है कि असद ने शासन करने का अधिकार खो दिया है और उन्हें तुरंत पद छोड़ देना चाहिए।

 

बान ने कहा कि ट्यूनीशिया से उठी क्रांति की चिंगारी अब बुझने वाली नहीं है। बदलाव की यह शुरूआत केवल सत्ता परिवर्तन के लिए ही नहीं है। लोग आत्मसम्मान और भ्रष्टाचार का खात्मा चाहते हैं।

 

उन्होंने कहा, ‘लोग रोजगार और न्याय, राजनीतिक सत्ता का एक उचित हिस्सा चाहते हैं। वे अपना अधिकार चाहते हैं। लंबे समय से अरब अलग किनारे पर पड़ा हुआ था। यूरोप, एशिया और अफ्रीका में निरंकुशता के खात्मे को उन्होंने देखा। उन्होंने पूछा हम क्यों नहीं ? मानव संसाधनों से भरपूर विश्व के एक हिस्से में कम लोकतंत्र क्यों ? अब उनका समय आया है।’ (एजेंसी)

First Published: Monday, January 16, 2012, 11:12

comments powered by Disqus