यूएस कांग्रेस चुनाव में 5 भारतीय अमेरिकी

यूएस कांग्रेस चुनाव में 5 भारतीय अमेरिकी

वाशिंगटन : अमेरिकी कांग्रेस के लिए नवंबर में होने जा रहे चुनाव में 90 दिन शेष रह गए हैं और 25 वर्षीय रंजीत ‘रिक्की’ गिल सहित भारतीय मूल के पांच उम्मीदवार अभी भी मैदान में हैं। कांग्रेस के चुनाव के प्राइमरी के विभिन्न चरणों में चार भारतीय अमेरिकी दौड़ से बाहर हो चुके हैं। प्राइमरी में ही बांग्लादेशी मूल के कांग्रेस सदस्य हन्सेन क्लेयर की हार से लोग स्तब्ध रह गए थे।

नेपाली मूल के एक प्रत्याशी को भी प्राइमरी में ही निराश होना पड़ा। दौड़ में अब भारतीय मूल के पांच अमेरिकी हैं और अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। प्रतिनिधि सभा के लिए न्यूजर्सी से उपेन्द्र चिवुकुला, कैलिफोर्निया से एमी बेरा और रंजीत ‘रिक्की’ गिल, पेन्सिलवानिया से मनन त्रिवेदी तथा मिशिगन ने सैयद ताज अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से गिल रिपब्लिकन पार्टी से हैं और शेष डेमोक्रेट्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

बेरा, त्रिवेदी और ताज डॉक्टर हैं। चिवुकुला वर्तमान में न्यूजर्सी असेंबली में उप स्पीकर हैं। 25 वर्षीय गिल उम्र में सबसे छोटे हैं और अविवाहित भी हैं। रिपब्लिकन नेतृत्व की सहमति पा चुके गिल पर पूरे देश की नजर है। हिंदू अमेरिकी महिला तुलसी गैबार्ड की नवंबर के चुनावों में जीत पक्की मानी जा रही है क्योंकि कांग्रेस की उनकी सीट डेमोक्रेट्स का मजबूत गढ़ है।

हिन्दू अमेरिकी पहले ही जश्न मनाना शुरू कर चुके हैं। अमेरिकी कांग्रेस के लिए अब तक केवल दो भारतीय अमेरिकी ही निर्वाचित हुए हैं। दलीप सिंह सौंद पहले भारतीय अमेरिकी थे जो 1950 के दशक में प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए थे। दूसरे भारतीय अमेरिकी बॉबी जिंदल हैं जो अब लुइसियाना के गवर्नर हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, August 16, 2012, 14:59

comments powered by Disqus