Last Updated: Saturday, December 10, 2011, 12:51
मास्को : रूस के प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन की सत्तारुढ़ यूनाइटेड रशिया पार्टी पर गड़बड़ी के जरिए हाल के ड्यूमा चुनाव में जीत हासिल करने का आरोप लगाते हुए आज हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया और इन रैलियों में हिस्सा लेने पर कम से कम 45 लोग हिरासत में लिए गए।
यहां दो स्थानों पर बड़ी-बड़ी रैलियां हुई। इनमें से एक रैली तो ऐसे स्थान पर हुई जहां पर प्रशासन ने कानून व्यवस्था का हवाला देकर प्रतिबंध लगा दिया था। क्रेमलिन और उसके समीप रेड स्क्वायर पर भारी संख्या में अर्धसैनिक बल और दंगारोधी पुलिस तैनात की गयी थी। रूस के प्रशांत तट पर व्लादिवोस्तक में आज तड़के विरोध प्रदर्शन और रैली शुरू हो गई।
गृह मंत्रालय के अनुसार बिना अनुमति के रैलियां आयोजित करने और उनमें हिस्सा लेने पर अबतक कम से कम 45 लोग गिरफ्तार किए गए हैं जिनमें से बोलोतनाया चौराहे पर हुई रैली में भाग लेने वाले लोग भी शामिल हैं। सरकारी चैनलों ने इन रैलियों का प्रसारण बंद कर दिया है और लोग विपक्षी वेबसाइटों का उपयोग कर रहे हैं।
हालांकि सरकारी वित्त पोषित अंग्रेजी रशिया टुडे टीवी और रिया नोवोस्ती की विदेशी भाषा निकाय विदेशी पाठकों को खबर दे रहे हैं। मंगलवार को पुतिन ने अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन पर क्रेमलिन विरोधी विपक्ष को शह देने का आरोप लगाया था।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, December 10, 2011, 18:21