Last Updated: Wednesday, April 25, 2012, 16:46
संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र महासचिव बॉन की मून ने उम्मीद जताई है कि भारत विश्व मामलों में बड़ी भूमिका निभाएगा और अरब देशों में लोकतांत्रिक स्थिरता स्थापित करने में ‘अनुकरणीय योगदान’ देगा। बान की भारत की तीन दिवसीय सरकारी यात्रा कल से शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा का जोर भारत के साथ और प्रगाढ़ संबंध स्थापित करने पर रहेगा।
बान ने अपनी भारत यात्रा के पूर्व एक साक्षात्कार में कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र का मूल्यवान और महत्वपूर्ण सहयोगी है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए उनका संदेश यह होगा कि वह उम्मीद करते हैं कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को वैश्विक मामलों में अधिक बड़ी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत को अरब तथा उत्तरी अफ्रीका के देशों को मदद करनी चाहिए। भारत लोकतांत्रिक प्रक्रिया संबंधी अपने अनुभवों से उन देशों की मदद कर सकता है। बान ने कहा कि मैं भारत और संयुक्त राष्ट्र के बीच मौजूदा सहयोग स्तर से काफी खुश हूं। लेकिन हम इसे और प्रगाढ़ और मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं। इस यात्रा का यह मुख्य मकसद है। उन्होंने कहा कि गुट निरपेक्ष आंदोलन और समूह-77 के प्रमुख देश तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था में उभरती शक्ति के रूप में भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अहम भूमिका निभा रहा है।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 25, 2012, 22:16