वॉल स्ट्रीट प्रदर्शनकारियों ने मनाया ‘डे ऑफ एक्शन’ - Zee News हिंदी

वॉल स्ट्रीट प्रदर्शनकारियों ने मनाया ‘डे ऑफ एक्शन’

न्यूयॉर्क : अमेरिका में ‘आक्यूपाई वॉल स्ट्रीट’ आंदोलन के दो महीना पूरा होने पर प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार का दिन ‘डे ऑफ एक्शन’ के रूप में मनाया और करीब 300 प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी दी। प्रदर्शनकारियों के दिन की शुरुआत न्यूयॉर्क शेयर बाजार के पास पुलिस के साथ संघर्ष के साथ हुई। उन्होंने दिन के अंत में ब्रुकलिन पुल पर हाथों में मोमबत्ती लेकर जुलूस निकाला।

 

तीन दिन पहले प्रदर्शनकारियों के मुख्यालय जुकोट्टी पार्क में पुलिस द्वारा छापा मारे जाने के बावजूद अडिग प्रदर्शनकारियों ने अपने दिनभर के एजेंडे को घोषित किया था। प्रदर्शन की शुरुआत न्यूयॉर्क शेयर बाजार की तरफ प्रदर्शन और व्यापारियों को परिसर में घुसने से रोकते हुए किया। हाथों में बैनर लिए और नारे लगा रहे प्रदर्शनकारी न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के सदस्यों के साथ भिड़ गए।

 

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए लाठियां भांजी और भीड़ को सड़क से दूर रखने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि प्रदर्शनकारी शेयर बाजार के कार्य को प्रभावित नहीं कर सकें। जैसे-जैसे दिन चढ़ा प्रदर्शनकारी सब-वे में प्रवेश कर गए और 16 सब-वे पर कब्जा कर लिया। उन्होंने यात्रियों के बीच पर्चे भी बांटे।

 

पुलिसकर्मी और खोजी कुत्ते मेट्रो स्टेशन पर तैनात किए गए जबकि पुलिस वैन ने सड़कों को घेर लिया और आसमान में हेलीकाप्टर मंडरा रहे थे। हजारों प्रदर्शनकारी और कामगार उसके बाद यूनियन स्क्वॉयर पर इकट्ठा हो गए और ‘शहर को बंद करो’, ‘ब्लूमबर्ग सावधान जुकोट्टी पार्क हर जगह है’ के नारे लगाने लगे। वे इस बात की चर्चा कर रहे थे कि किस तरह कॉरपोरेट नीतियों ने 99 प्रतिशत जनता को प्रभावित किया है। पुलिस ने कहा कि करीब 300 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दिनभर चले इस विरोध प्रदर्शन में सात अधिकारी और 10 प्रदर्शनकारी घायल हो गए। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 18, 2011, 16:13

comments powered by Disqus