Last Updated: Monday, January 14, 2013, 23:49

थिंपू : नियंत्रण रेखा पर युद्ध विराम के उल्लंघन को लेकर सेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह की ओर से पाकिस्तान को सख्त हिदायत दिए जाने के बाद विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने आज कहा कि इस बात का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया जाएगा कि शांति प्रक्रिया पटरी से नहीं उतरे। दो दिनों के आधिकारिक दौरे पर भूटान पहुंचे खुर्शीद ने आज कहा कि क्या हुआ है उसका आकलन सेना के जरिए हासिल हो सकता है क्योंकि वहां उसकी मौजूदगी है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ऐसे में हमें सेना के आकलन के साथ जाना होगा। परंतु हमें किस गति या किस रवैये के साथ कैसे आगे बढ़ना है, उस पर फैसला सरकार की ओर से किया जाता है।’’ खुर्शीद ने कहा कि सरकार का यह विचार है कि भारत ने शांति प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर निवेश किया है और इससे स्पष्ट है कि वह इसे पटरी से उतरने देना नहीं चाहती।
विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘जब आप शांति प्रक्रिया में बड़ा निवेश करते हैं तो यह इसे सिर्फ इसलिए नहीं करते कि यह अच्छा लगता है। आप इसे करते हैं क्योंकि शांति के लिए इसकी उद्देश्यपरक और व्यवहारिक जरूरत होती है।..ऐसे में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं ताकि शांति प्रक्रिया पटरी से नहीं उतरे।’’ खुर्शीद का यह बयान सेना प्रमुख की ओर से पाकिस्तान को सख्त हिदायत दिए जाने के बाद आया है।
सेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह ने आज कहा कि भारत अपने हिसाब से ‘‘समय और स्थान’’ पर प्रतिक्रिया करने का अधिकार रखता है। सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से युद्ध विराम का उल्लंघन किए जाने को लेकर बढ़े तनाव की पृष्ठभूमि में दोनों सेनाओं के बीच आज हुई फ्लैग बैठक में भारतीय पक्ष ने पाकिस्तान के साथ कड़ा ऐतराज जताया। बीते आठ जनवरी को पाकिस्तानी सैनिकों ने भारत के दो जवानों की हत्या करके एक जवान का सिर कलम कर दिया था। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 14, 2013, 23:49