Last Updated: Monday, October 24, 2011, 09:51
शिकागो : अमेरिका के शिकागो स्थित ग्रांट पार्क को बंद करने का समय होने के बावजूद वहां से हटने से इनकार करने पर ‘ऑकुपाई शिकागो’ विरोध-प्रदर्शन के करीब 130 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।
एबीसी न्यूज के मुताबिक, पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि ‘टेक मी नेक्स्ट’ जैसे नारे लगा रहे प्रदर्शनकारी समूह के लोगों को मध्यरात्रि के बाद हिरासत में ले लिया गया। पार्क को रात 11 बजे बंद कर दिया जाता है। प्रदर्शनकारी पुलिस से डरे बिना प्रदर्शन कर रहे थे। करीब एक महीने पहले न्यूयॉर्क से शुरु हुए ‘ऑकुपाई वॉलस्ट्रीट’ प्रदर्शनों की कड़ी में ही ‘ऑकुपाई शिकागो’ प्रदर्शन चल रहा है।
एक प्रदर्शनकारी क्रिस सोटो ने कहा कि वह ग्रांट पार्क में इसलिए प्र्दशन कर रही है, क्योंकि उसे अपनी पोती का भविष्य अंधकारमय दिख रहा है। उन्होंने कहा कि मैं अपनी पोती के लिए यहां पर आई हूं, ताकि उसे कॉलेज भेज सकूं। वह पेल अनुदान पाने की हकदार है। ‘पेल अनुदान’ कम आय वर्ग के छात्रों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता है। एक सप्ताह में प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी की यह दूसरी घटना है। पिछले सप्ताह पार्क में आने पर लगी रोक का उल्लंघन करने पर 175 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
(एजेंसी)
First Published: Monday, October 24, 2011, 15:24