Last Updated: Wednesday, January 18, 2012, 17:06
यांगून : म्यांमार की विपक्षी नेता और लोकतंत्र समर्थक आंग सान सू ची ने संसद के लिए चुनावी दौड़ शुरु कर दी है। वह कई दशकों तक सैन्य शासन के बाद इस दौड़ में अपने कदम बढ़ा रही हैं जिसे सकारात्मक बदलाव माना जा रहा है।
शांति के लिए नोबेल पुरस्कार जीत चुकीं सू ची एक अप्रैल को होने वाले चुनावों में हिस्सा ले रहीं हैं। लंबे अरसे तक नजरबंद रहीं सू ची को 2010 में रिहा किया गया था। उन्होंने अब यांगून के निकट कौहमू संसदीय क्षेत्र से चुनाव में खड़े होने के लिए पंजीकरण कराया है।
उनकी पार्टी के एक शीर्ष नेता ने बताया कि कि अपनी पार्टी की वह पहली नेता हैं जिन्होंने पंजीकरण कराया है। वह म्यांमार संसद के निचले सदन के लिए चुनाव लड़ रहीं हैं।
नियमों को पक्षपातपूर्ण बताते हुये 2010 में हुए चुनावों में उनकी पार्टी ‘नेशनल लीग फॉर डैमोक्रेसी’ ने चुनावों का बहिष्कार किया था जिसके चलते उनकी पार्टी का दर्जा निरस्त कर दिया गया था। चुनावों में सैन्य समर्थित पार्टियों द्वारा जीत दर्ज करने के बाद पश्चिमी देशों ने इसकी निंदा की थी।
इससे पहले 1990 में सूची की पार्टी एनएलडी ने जीत दर्ज की थी पर उस समय भी सू नजरबंद थीं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, January 18, 2012, 22:36