सियाचिन में हिमस्खलन,117 पाक सैनिक लापता - Zee News हिंदी

सियाचिन में हिमस्खलन,117 पाक सैनिक लापता

इस्लामाबाद: भारतीय सीमा से लगे सियाचिन सेक्टर स्थित एक पाकिस्तानी सैन्य शिविर के आज सुबह भीषण हिमस्खलन की चपेट में आ जाने से कम से कम 117 सैनिक बर्फ के नीचे दब गए।

 

हेलीकाप्टरों, बुलडोजरों और खोजबीन करने वाले कुत्तों की मदद से सैनिक बर्फ के नीचे दबे सैनिकों को तलाश कर रहे हैं । स्थानीय समयानुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे सियाचीन में ज्ञारी क्षेत्र में बना सुदूरवर्ती शिविर इस भीषण हिमस्खलन की चपेट में आ गय । डाक्टरों और अन्य चिकित्साकर्मियों का दल ऊंचाई वाले इलाके के लिए रवाना हो गया है। टेलीविजन चैनलों की खबरों के अनुसार सियाचिन सेक्टर के ज्ञारी स्थित एक बटालियन का मुख्यालय सुबह छह बजे हिमस्खलन की चपेट में आ गया।

 

सेना प्रमुख मेजर जनरल अतहर अब्बास ने मीडिया से कहा, ‘‘यह बहुत भीषण हिमस्खलन है। वे लोग हिमस्खलन की चपेट में आ गए हैं लेकिन हमने आशा नहीं छोड़ी है और बचाव कार्य जारी है।’ उन्होंने कहा कि हिमस्खलन के कारण सैन्य शिविर में नार्दन लाइट इंफैंट्री के 100 से अधिक सैनिक बर्फ के नीचे दब गए।
सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि क्षेत्र में राहत कार्य में मदद के लिए हेलीकाप्टर, खोजी कुत्ते और अतिरिक्त सैनिक भेजे गए हैं। हिमस्खलन पूर्वी काराकोरम के स्कार्दू के पास एक स्थान पर हुई।

 

कुछ खबरों में कहा गया है कि एक कर्नल सहित करीब 135 सैनिक हिमस्खलन की चपेट में आ गए हैं। हिमस्खलन की घटना में जनहानि होने की रिपोर्ट थी लेकिन इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पायी।
ज्ञारी में महत्वपूर्ण बटालियन मुख्यालय स्थित है और एक समय में यहां पर करीब तीन हजार सैनिक तैनात थे। जम्मू कश्मीर सीमा पर संघर्षविराम होने के बाद भारत और पाकिस्तान दोनों ने अपने सैनिकों की संख्या में कटौती कर दी थी। सियाचिन ग्लेशियर विश्व का सबसे ऊंचा और सबसे ठंडा युद्ध क्षेत्र है। इस क्षेत्र में जितने सैनिक संघर्ष में नहीं मारे गए उससे अधिक खराब मौसम के चलते मारे गए हैं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, April 8, 2012, 10:21

comments powered by Disqus