Last Updated: Monday, April 9, 2012, 14:41
इस्लामाबाद : भारतीय सीमा से लगे सियाचीन सेक्टर में हिमस्खलन में लापता 139 लोगों के जिंदा मिलने की उम्मीदें कम होती जा रही है। इनमें से अधिकांश सैनिक हैं। बर्फ में दबे लोगों की तलाश में लगे पाकिस्तानी सेना के बचावकर्ताओं को हिमपात और खराब मौसम का सामना करना पड़ा है।
काराकोरम में सेना के बटालियन मुख्यालय पर हिमस्खलन होने के करीब 52 घंटों के बाद बचावकर्ता को कोई जीवित व्यक्ति अथवा शव नहीं मिला है जबकि उन्होंने खोजी कुत्तों और बर्फ हटाने वाले उपकरणों का भी सहारा लिया।
बचाव प्रयासों में सहायता के लिए अफगानिस्तान से कल पाकिस्तान आए आठ सदस्यीय अमेरिकी दल खराब मौसम के कारण आज सुबह दुर्घटनास्थल ग्यारर नहीं जा पाया। क्षेत्र में भारी हिमपात के बाद दिन का तापमान शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे जा गिरा।
अधिकारियों ने बताया कि हिम की 80 फुट तक की परत में दबे 124 सैनिकों सहित 139 लोगों की तलाशी के लिए 200 से ज्यादा कर्मियों को लगाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खोज और बचाव दल खोजी कुत्तों और भारी उपकरणों का सहारा ले रहे हैं लेकिन उन्हें बर्फ को खोदने में मुसीबतों का सामना करना पड़ा रहा है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 10, 2012, 08:18