सीरियाई विद्रोहियों का सीमा पर बसे शहर पर कब्जा

सीरियाई विद्रोहियों का सीमा पर बसे शहर पर कब्जा

सीरियाई विद्रोहियों का सीमा पर बसे शहर पर कब्जाहारेम (सीरिया) : सीरियाई विद्रोहियों ने तुर्की की सीमा पर बसे हारेम शहर पर कब्जा कर लिया तथा उनके और सेना एवं सुरक्षा बलों के बीच भीषण संघर्ष हो रहा है।

सेना और सुरक्षा बलों ने शहर की सरकारी इमारतों में पोजीशन ले रखी है। संवाददाता से मिली खबर के अनुसार, सीमा पर बसे अंतिम शहर पर कब्जे के लिए यह लड़ाई चल रही है। विद्रोहियों ने खबर दी है कि कम से कम 20,000 लोग हथियार लिए हुए हैं और राष्ट्रपति बशर अल असद के प्रति निष्ठा रखने वाली फौज के साथ साथ लड़ रहे हैं।

तुर्की की सीमा से करीब दो किमी दूर पहाड़ी के समीप बसे हारेम शहर को विद्रोहियों ने घेर लिया है। यह लोग छिप कर यहां पहुंचे थे। यहां मौजूद एक किले में छिपे सरकारी बल इन विद्रोहियों को निशाना बना रहे हैं। मोर्टार और भारी हथियारों से यह लड़ाई चल रही है और शहर के मुख्य प्रवेश द्वार पर धुआं छाया हुआ है।

विद्रोहियों की अल हक ब्रिगेड के कमांडर अबू सैद ने बताया कि हारेम की ओर जाने वाली सात सड़कों में से छह पर विद्रोहियों का कब्जा हो चुका है। अबू सैद ने कहा कि आज हमने शबीहा (सरकार समर्थक मिलीशिया) के प्रमुख को मार डाला। हम कल (शनिवार को) तड़के उत्तरी और दक्षिणी भाग से शहर में घुसे।

उसने बताया कि किले में सात टैंक तैनात हैं और सैनिक उनका संचालन कर रहे हैं। सुरक्षा सेवाओं के सदस्य सरकारी इमारतों में हैं। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कल हारेम शहर में भीषण टकराव होने और कई सैनिकों के मारे जाने की खबर दी थी।

फ्री सीरियन आर्मी के एक कमांडर अबू साद ने बताया कि हमने कई सैनिकों को मार डाला लेकिन उनके शव अब तक यहीं पड़े हैं। चार शबीहा मारे गए हैं और हमने उनके कई मकान उसी तरह जला दिए जिस तरह उन्होंने हमारे गांव जलाए थे। (एजेंसी)

First Published: Monday, September 3, 2012, 09:06

comments powered by Disqus