Last Updated: Saturday, February 4, 2012, 18:16
संयुक्त राष्ट्र : रूस और चीन ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अरब लीग समर्थित उस प्रस्ताव को वीटो कर दिया जिसमें सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद से इस्तीफा देने का आह्वान किया गया है। भारत ने अमेरिका और अन्य 12 सदस्य देशों के साथ इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया।
फ्रांस, ब्रिटेन और पाकिस्तान ने भी इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। इस प्रस्ताव का लक्ष्य सीरिया पर उसके यहां चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शन पर 11 महीने से जारी दमनात्मक कार्रवाई रोकने के लिए दबाव डालना है। असद के खिलाफ चल रहे इस प्रदर्शन पर कार्रवाई में 200 से अधिक लोगों की जान चली गई है। इस मुद्दे पर रूस और चीन ने दूसरी बार वीटो का इस्तेमाल किया है। इससे पहले दोनों ने पहली बार पांच अक्तूबर को वीटो का प्रयोग किया था।
मतदान से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सीरिया सरकार पर होम्स में अपने ही नागरिकों पर हमला करने का आरोप लगाया और राष्ट्रपति बशर अल अस्सद के इस्तीफे की मांग की।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, February 5, 2012, 08:50