Last Updated: Friday, February 15, 2013, 22:34
इस्लामाबाद : जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों की ओर से अपने एक सैनिक के मार गिराए जाने की निंदा करते हुए पाकिस्तान ने कहा है कि इस घटना से दोनों देशों के बीच माहौल बिगड़ सकता है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोअज्जम खान ने कहा, ‘पाकिस्तानी सैनिक की हत्या पाकिस्तान और भारत के बीच बनी सहमति के खिलाफ है और इससे आगे माहौल बिगड़ सकता है।’
खान ने एक बयान में कहा, ‘पाकिस्तान ने भारत सरकार से कहा है कि वह इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की गहन जांच कराए और यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं नहीं होंगी।’
नई दिल्ली में भारतीय सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि नियंत्रण रेखा से लगे नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान सैनिक कल घुस आया था और मारा गया। इस घटना से एक महीने पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय सीमा पर घुसकर भारत के दो जवानों की निर्मम हत्या कर दी थी।
भारतीय सेना के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान सैनिक ने भारतीय गश्ती दल पर गोलीबारी की और जवाबी गोलीबारी में मारा गया। इस सैनिक का शव लौटा दिया गया है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता खान ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिक रास्ता भूल गया था और गलती से नियंत्रण रेखा पार कर गया।
‘इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ के एक प्रवक्ता ने सैनिक के मारे जाने की निंदा करते हुए इसे ‘अमानवीय और वीभत्स’ हत्या करार दिया है।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब 742 किमी लंबी नियंत्रण रेखा पर दोनों ओर से एक दूसरे पर संघषर्विराम उल्लंघन के आरोप लगाए जा रहे हैं। दोनों देशों के बीच 2003 में संघर्ष विराम अमल में आया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, February 15, 2013, 22:34