Last Updated: Wednesday, June 19, 2013, 23:53
वाशिंगटन : सोमालिया की राजधानी मोगादीशू में संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय पर बुधवार को हुए एक हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई तथा 15 अन्य घायल हो गए। समाचार चैनल सीएनएन की रपट से यह जानकारी मिली।
सोमालिया के आंतरिक मामलों एवं राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री आब्दीकरीम हुसेन गुलेद ने बताया कि सात आतंकवादी, संयुक्त राष्ट्र के चार कर्मचारी तथा तीन महिला नागरिकों की इस हमले में मौत हुई है। अल-कायदा से जुड़े अल-शाबाद आतंकी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
पुलिस अधिकारी हुसेन अहमद के हवाले से कहा गया कि शहर के हवाई अड्डे के नजदीक स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के परिसर के प्रवेश द्वार पर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट कर उड़ा लिया। इसके अलावा बमों वाली जैकेट पहने कई अन्य आतंकी परिसर के भीतर घुस आए और कई आत्मघाती विस्फोट किए। कुछ ही देर बाद सोमालिया तथा अफ्रीकी संघ बलों ने इमारत को घेर लिया तथा सशस्त्र हमलावरों पर हमला शुरू कर दिया।
सोमालिया में अफ्रीकी संघ अभियान के आधिकारिक ट्विटर खाते के अनुसार अब संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय सुरक्षित है तथा अफ्रीकी संघ सैनिकों के नियंत्रण में है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार हमले में कुल 15 लोगों की मौत हुई है, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के आठ कर्मचारी शामिल हैं।
सिन्हुआ ने सोमालिया के आंतरिक मामलों के मंत्री के हवाले से कहा है कि चार विदेशी नागरिकों सहित कुल आठ कर्मचारी मोगादीशू के संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के लिए काम करते थे, जो इस हमले में मारे गए। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 19, 2013, 23:53