स्नोडेन को शरण देने पर अमेरिका रूस से निराश

स्नोडेन को शरण देने पर अमेरिका रूस से निराश

स्नोडेन को शरण देने पर अमेरिका रूस से निराश वाशिंगटन : अमेरिकी खुफिया जानकारियों का खुलासा करने वाले सीआईए के पूर्व अनुबंधकर्ता एडवर्ड स्नोडेन को रूस द्वारा अस्थाई शरण दिए जाने से अमेरिका बेहद निराश है और व्हाइट हाउस ने कहा है कि वह मास्को के साथ अपने संबंधों का आकलन कर रहा है।

व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्नी ने कहा, ‘सार्वजनिक और निजी तौर पर हमने स्पष्ट और न्यायसंगत अनुरोध किए थे कि स्नोडेन को उस पर लगे आरोपों का सामना करने के लिए वहां से निष्कासित कर अमेरिका भेज दिया जाए। इन अनुरोधों के बावजूद रूसी सरकार यह कदम उठा रही है जिससे हमें बेहद निराशा हुई है।’ रूसी संघीय आव्रजन सेवा (रशियन फेडरल माइग्रेशन सर्विस) की ओर से स्नोडेन को एक साल के लिए अस्थायी शरण देने और हवाईअड्डा छोड़ने की अनुमति देने की सार्वजनिक तौर पर पुष्टि किए जाने के बाद कार्नी की टिप्पणी ओबामा प्रशासन की ओर से जारी पहली प्रतिक्रिया है।

रूसी सरकार ने इस फैसले के बारे में अमेरिका को सूचित नहीं किया था। कार्नी ने कहा कि स्नोडेन कोई व्हिसलब्लोअर नहीं है। वह गोपनीय सूचनाओं का खुलासा करने का आरोपी है और उस पर तीन आपराधिक आरोप हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 2, 2013, 09:03

comments powered by Disqus