Last Updated: Monday, August 6, 2012, 13:16
हिरोशिमा: हिरोशिमा में आज अमेरिकी परमाणु बम गिराए जाने की 67 वीं बरसी मनाई गई और परमाणु हथियारों के खात्मे की मांग दोहराई गई।
इस मौके पर एक शांति समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें दिवंगत अमेरिकी राष्ट्रपति हैरी ट्रूमेन के एक पोते क्लिफ्टन ट्रूमेन डेनियल भी भाग लेंगे। ट्रूमेन ने ही पश्चिमी जापानी शहर हिरोशिमा पर बम गिराने का आदेश दिया था।
हिरोशिमा पर छह अगस्त 1945 को परमाणु बम गिराया गया था।
इस आयोजन में जापान में अमेरिका के दूत और दो परमाणु संपन्न देश ब्रिटेन तथा फ्रांस के शीर्ष राजनयिक भी शामिल होंगे। उनके अलावा अमेरिकी रडारमेन जैकब बीजेर का पोता भी समारोह में शामिल होगा। बीजेर उन दोनों विमानों में थे जिन्होंने हिरोशिमा और नगासाकी पर बम गिराए थे।
बम हमले की बरसी पर, देश में परमाणु बम विस्फोट की वजह से हुए रेडियेशन के कारण, जीवित बचे लोगों को हो रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए उनकी अधिक से अधिक मदद करने का आह्वान भी किया गया।
यहां एक स्मारक भी तैयार किया गया है। यह स्मारक ऐसे समय पर तैयार किया गया है जब जापान में बड़ी संख्या में लोग वर्ष 2011 को फुकुशिमा दाइची परमाणु संयंत्र में हुए हादसे की वजह से रेडियोधर्मिता के रिसाव के कारण स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।
अमेरिकी राजदूत जॉन रूस ने वर्ष 2010 में यहां हुए आयोजन में भाग लिया था लेकिन ब्रिटिश राजदूत डेविड वारेन और फ्रांसीसी राजदूत क्रिश्चियन मैसेट पहली बार इसमें शामिल होंगे। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 6, 2012, 13:16