होलांदे चुने गए फ्रांस के नए राष्ट्रपति - Zee News हिंदी

होलांदे चुने गए फ्रांस के नए राष्ट्रपति

पेरिस: फ्रांस की जनता ने सरकार की ओर से प्रोत्साहन पैकेज दिये जाने की जबर्दस्त वकालत करने वाले वामपंथी नेता फ्रांक्वा होलांदे को हाथों में देश की बागडोर सौंपी है।

 

राष्ट्रपति चुनाव में निकोलस सारकोजी को शिकस्त देने वाले होलांदे कहते रहे हैं कि सरकार को समाज के कमजोर वर्ग के लोगों के हितों की रक्षा करनी चाहिए।

 

सौम्य स्वभाव के होलांदे को विरासत में कर्ज में डूबा हुआ देश मिला है और उनके समक्ष यह सवाल है कि आप्रवासियों को साथ लेते हुए वह किस प्रकार से राष्ट्रीय पहचान का संरक्षण कर पायेंगे। बाजार नये राष्ट्रपति के प्रारंभिक पहल पर करीबी नजर रखेगा। होलांदे ने अपने आप को पूरे यूरोप में बदालव के वाहक के रूप में पेश किया था।

 

पेरिस में पैलेस दी ला वैस्तिले में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए आज सुबह उन्होंने कहा, ‘सभी राजधानियों में लोग हमें धन्यवाद दे रहे हैं, उम्मीद कर रहे हैं, हमारी ओर देख रहे हैं।’

 

फ्रांक्वा होलांदे ने लोगों से कहा, ‘आप एक आंदोलन है जो पूरे यूरोप में है और शायद पूरी दुनिया में।’ पार्टी कार्यकर्ता सभी तरह के झंडे लिये हुए फ्रांस की क्रांति के स्थल पर एकत्र हुए। वामपंथी कार्यकर्ता लम्बे अर्से बाद अपने नेता के राष्ट्रपति बनने से काफी उत्साहित थे। इससे पहले, समाजवादी फ्रांक्वा मितरां 19981 से 1995 तक देश के राष्ट्रपति रहे थे।

 

होलांदे ने अमेरिका के करीबी माने वाले निकोलस सारकोजी को कम अंतर से पराजित किया। सारकोजी के नेतृत्व में फ्रांस को द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद सबसे खराब आर्थिक संकट से गुजरना पड़ा और उनकी नीति एवं व्यक्तित्व को भी काफी संख्या में मतदाता स्वीकार नहीं कर पाए। सारकोजी का कार्यकाल 16 मई को समाप्त हो रहा है।

 

सारकोजी यूरोप में खचरे में कटौती अभियान के कारण मतदाताओं की नाराजगी के शिकार बने हैं।  (एजेंसी)

First Published: Monday, May 7, 2012, 13:08

comments powered by Disqus