Last Updated: Sunday, November 4, 2012, 00:04
वाशिंगटन : हिंद महासागर से सटे देशों के क्षेत्रीय संगठन ‘इंडियन ओसियन रिम एसोसिएशन फार रीजनल को-आपरेशन’ में वार्ता सहयोगी के तौर पर शामिल होने का स्वागत करते हुए अमेरिका ने कहा कि इस तरह के क्षेत्रीय और बहुपक्षीय संगठन साझा चुनौतियों पर गौर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता विक्टोरिया नूलैंड ने 20 देशों के संगठन आईओआर एआरसी में वार्ता सहयोगी के तौर पर अमेरिका के शामिल होने संबंधी सवाल के जवाब में कहा, ‘हम इस खबर का स्वागत करते हैं कि हमें हिंद महासागर तटीय क्षेत्रीय संगठन (आईओआर एआरसी) में वार्ता सहयोगी के तौर पर शामिल किया गया है।’ भारत ने अमेरिका को इस संगठन में शामिल करने में बड़ी राजनयिक भूमिका निभाई है। हालांकि अमेरिका को शामिल करने का ईरान ने विरोध किया था।
नुलैंड ने कहा, ‘इस तरह के क्षेत्रीय एवं बहुपक्षीय संगठन उन साझा चुनौतियों पर गौर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ज्यादा समृद्ध एवं शांतिपूर्ण क्षेत्र स्थापित करने में मदद करते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘जैसा कि आप जानते हैं, विश्व का वह भाग रणनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। हम यह देखकर बहुत प्रसन्न हैं कि हिन्द महासागर से सटे देश एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। और हम वार्ता सहयोगी के तौर पर इस चर्चा में शामिल होने के अवसर का स्वागत करते हैं।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, November 4, 2012, 00:04