LoC पर तनाव, भारत-पाक जल वार्ता स्थगित

LoC पर तनाव, भारत-पाक जल वार्ता स्थगित

इस्लामाबाद : नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन के कारण उपजे तनाव की पृष्ठभूमि में भारत और पाकिस्तान के जल सचिवों के बीच इस्लामाबाद में 28-29 जनवरी को प्रस्तावित वार्ता स्थगित कर दी गई है।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘‘बातचीत स्थगित कर दी गई है। बातचीत की अगली तिथि के बारे में फैसला अभी होना है।’’ नाम नहीं जाहिर करने की शर्त यह जानकारी देने वाले इस अधिकारी ने वार्ता स्थगित होने की वजह नहीं बताईं।

दोनों देश तुलबुल नौवहन परियोजना-वुल्लर बैराज मुद्दे पर चर्चा करने वाले थे। पाकिस्तानी मीडिया के एक धड़े से आई खबरों में कहा गया है कि वार्ता का स्थगित होना सीधे तौर पर हाल ही में दोनों देशों के बीच उपजे तनाव से जुड़ा है।

उधर, नयी दिल्ली से मिली खबरों में कहा गया है कि वार्ता के स्थगित किए जाने का कदम जल संसाधन सचिव डी वी सिंह की सेवानिवृत्त से जुड़ा होना लगता है। नियंत्रण रेखा पर तनाव के बाद दोनों देशों के बीच यह दूसरी उच्च स्तरीय वार्ता स्थगित हुई है।

इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्री मखदूम अमीन फहीम का भारत दौरा रद्द हो गया था। वह आगरा में एक कारोबारी बैठक में शामिल होने वाले थे।

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कई बार हुआ। इसें दो भारतीय सैनिक मारे गए एवं उनके शरीर बुरी तरह से क्षत विक्षत कर दिए गए। पाकिस्तान का कहना है कि इस संघर्ष में उसके तीन सैनिकों की हत्या कर दी गयी। दोनों देशों के बीच साल 2003 में संघर्ष विराम अमल में आया था। (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 27, 2013, 15:42

comments powered by Disqus