Last Updated: Monday, December 17, 2012, 20:25

न्यूयार्क : अमेरिका में कनेक्टिकट के एक स्कूल में गोलीबारी कर 20 बच्चे समेत 26 लोगों की हत्या करने वाले 20 वर्षीय एडम लांजा और उसकी मां दोनों ने गोलियां चलाने का रियाज कराने वाले कनेक्टिकट के एक गन रेंज में समय बिताया था।
अमेरिका के इतिहास की दूसरी सबसे खूनी स्कूल गोलीबारी की जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ताओं ने पता लगाया कि लांजा एक गन रेंज गया था,लेकिन अभी यह मालूम नहीं हो सका है कि उसने वहां गोलियां चलाई थी या नहीं।
एबीसी न्यूज ने शराब, तंबाकू, आग्नेयास्त्र एवं विस्फोटक ब्यूरो (एटीएफ) की एक प्रवक्ता के हवाले से बताया कि जांचकर्ताओं को यह भी जानकारी मिली है कि उसकी मां नैंसी लांजा कई बार एक गन रेंज गईं थी, लेकिन वह पता नहीं लगा पाए कि क्या वह वहां अकेली गईं थी या उनके साथ उनका बेटा भी था।
एटीएफ एजेंट उस इलाके के गन रेंज और बंदूक व्यापारियों से संपर्क कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या एडम लांजा उनका ग्राहक था या उनके यहां कभी गया था।
ज्यादातार दीगर गोलीबारी-आत्महत्याओं की तरह न्यूटाउन, कनेक्टिकट की गोलीबारी में भी हत्यारा नरसंहार के कारणों को अपने साथ कब्र तक ले गया। लिहाजा,यह पता नहीं चल सका कि किस चीज ने एडम लांजा को आत्महत्या करने से पहले 26 लोगों की जीवन लीला समाप्त करने के लिए बाध्य किया।
पुलिस ने गोलीबारी करने वाले के रूप में एडम लांजा को चिह्नित किया और यह निर्धारित किया कि उसने स्कूल जा कर वहां गोलियों की बरसात कर सात साल से कम उम्र के 20 बच्चों समेत 26 लोगों की हत्या करने से पहले अपने घर में अपनी 52 वर्षीया मां की हत्या की थी।
हत्या और खूनखराबा का यह सिलसिला तब थमा जब एडम लांजा ने एक क्लासरूम में वस्तुत: अपनी जीवनलीला खुद समाप्त नहीं कर ली।
नरसंहार के वक्त एडम लांजा के पास तीन बंदूकें थीं- .223 कैलीबर की राइफल और दो हैंडगन। कनेक्टिकट के कानून में बंदूक के स्वामियों की उम्र कम से कम 21 होनी चाहिए। अधिकारियों का कहना है कि ये बंदूकें उसकी मां की थीं।
इस बीच, सीएनएन ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि पुलिस अभी तक इस खून-खराबे का मंशा नहीं पता लगा सकी है। लांजा को जानने वाले इस गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह उसके वर्तमान को ग्रसने वाली अतीत की प्रेतछाया है जिसने उसे इस हिंसा की तरफ धकेला।
न्यूटाउन के बेनेट्स फार्म नेबरहुड की एक बुकलेट के अनुसार लांजा अपने मां-बाप और बड़े भाई रयान के साथ न्यू हैंपशायर के किंगस्टन से कनेक्टिकट आया था। उसे फुटबाल, स्केटबोर्ड और वीडियो गेम पसंद थे। अदालत के दस्तावेजों के अनुसार तीन साल पहले सितंबर में एडम लांजा की मां और बाप के बीच तलाक हुआ था। तब उसकी उम्र 17 साल की थी।
उसके बाद क्या हुआ, यह साफ नहीं है। बस इतना ही पता है कि 300 साल पुराने कनेक्टिकट शहर में उसका रहने का सिलसिला जारी रहा।
इस बीच, एक अधिकारी ने बताया कि उसके पिता पीटर ने दूसरी शादी रचा ली। वह न्यूटाउन से थोड़ी ही दूर रह रहा है। गोलीबारी के बाद उससे अधिकारियों ने पूछताछ की। उसके 24 साल के बड़े भाई रयान से भी पूछताछ की गई।
कानून प्रवर्तन से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि एडम लांजा के बारे में उनके पास बहुत कम जानकारी है। उसका कोई ज्ञात आपराधिक रेकार्ड नहीं है। एडम लांजा की एक चाची मार्शा ने उसे,‘शांत, अच्छा बच्चा’ बताया जिसको नई चीज सीखने में दिक्कत थी।
एक अन्य अधिकारी के अनुसार एडम लांजा के एक रिश्तेदार ने बताया कि वह ऑटिज्म के एक प्रकार से ग्रस्त था। बहरहाल, ऑटिज्म से जुड़ी एक राष्ट्रीय समिति ने आगाह किया कि ऑटिज्म और हिंसा के बीच किसी रिश्ते के बारे में कयास खतरनाक होगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 17, 2012, 18:11