Last Updated: Sunday, July 21, 2013, 12:27

हैदराबाद : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने दो दिवसीय हैदराबाद दौरे के दौरान आज रात यहां तेलगुदेशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की।
तेदेपा प्रमुख के आवास पर बैठक के बाद अखिलेश ने कहा, मैंने चंद्रबाबू नायडू के साथ राजनीतिक मुद्दों के साथ ही तीसरे विकल्प के गठन की संभावना पर चर्चा की। उन्होंने पिछड़े वर्गों के लिए 100 सीटें आवंटित करने और उम्मीदवार समय से पहले घोषित करने के तेदेपा के निर्णय की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, इससे पिछड़े वर्गों को भी लाभ होगा। वास्तव में हमने उत्तर प्रदेश में ऐसा ही किया है। उन्होंने एक सवाल के उत्तर में कहा कि उत्तर प्रदेश प्रशासन अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।
इससे पहले अखिलेश ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंखी एन किरण कुमार रेड्डी से मुलाकात की। किरण ने अखिलेश को राज्य में क्रियान्वित होने वाली विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में सूचित किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के राजस्व मंत्री अंबिका चौधरी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री अभिषेक मिश्र, आंध्र प्रदेश के राजस्व मंत्री एन रघुवीर रेड्डी, माध्यमिक शिक्षा मंत्री के पी सारथी, सांसद टी एस रेड्डी, अंजन कुमार यादव और दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 21, 2013, 12:27