अजित सिंह भी आए सपा के निशाने पर

अजित सिंह भी आए सपा के निशाने पर

लखनऊ : कांग्रेस नेता एवं केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के बाद अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) एवं केंद्रीय उड्डयन मंत्री अजित सिंह को भी निशाने पर ले लिया है। अजित ने सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव पर लगातार हमला कर रहे बेनी के सुर में सुर मिलाया था। सपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने सोमवार को कहा कि अभी तक इस्पात मंत्री ही मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अपनी मानसिक कुंठा का प्रदर्शन कर रहे थे। अब उनके साथ नागरिक उड्डयन मंत्री भी शामिल हो गए हैं।

चौधरी ने कहा कि अजित सिंह को तो उनके पिता पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने ही राजनीति के लायक नहीं समझा था। उन्होंने मुलायम सिंह यादव को ही अपनी राजनीतिक विरासत का दावेदार माना था। अजित ने किसानों की कभी आवाज नहीं उठाई। वह अवसरवादी राजनीति के खेल में शुरू से लगे रहे। उन्हें तो बस सत्ता सुख चाहिए, चाहे वह किसी दल के साथ मिले।

चौधरी ने कहा कि बेनी और अजित दिशाविहीन राजनीति के राही हैं। यह भी तय नहीं है कि वे किस पार्टी में कब तक रहेंगे और कब किसे धोखा देकर अलग हो जाएंगे। चौधरी ने कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि ये दोनों नेता अनर्गल बयानबाजी करके सिर्फ अखबारी सुर्खियां बटोर रहे हैं। उनको जनता की अदालत में जल्दी ही सबक मिलेगा। (एजेंसी)

First Published: Monday, April 1, 2013, 22:09

comments powered by Disqus