Last Updated: Tuesday, February 12, 2013, 15:24
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली: केन्द्र सरकार ने परिजनों को अफजल गुरू की कब्र पर अंतिम रस्म निभाने की इजाजत दे दी है। गृह सचिव आरके सिंह ने मंगलवार को कहा है कि परिजनों को अफजल की कब्र पर फातिहा पढ़ने की इजाजत दे दी गई है।
सिंह ने कहा कि अगर अफजल के परिजन तिहाड़ जेल में आकर उसकी कब्र पर प्रार्थना करते हैं तो हमें इस पर कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि जेल अधिकारियों ने अभी तक वह दिन तय नहीं किया है जब अफजल के परिजनों को तिहाड़ जेल में आने दिया जाए।
अफजल के परिवार ने कहा है कि ‘हम फातिहा कहां पढ़ेंगे? हम उसे यहां सुपुर्दे खाक करना चाहते हैं।’’ अफजल की कब्र पर जाने के लिए उसके परिवार को दिल्ली तक हवाई सेवा उपलब्ध कराने की पेशकश संबंधी खबरों पर उनके रिश्तेदार यासीन ने कहा कि अगर ऐसे हालात आते हैं तो परिवार खुद चला जाएगा। उसने कहा, ‘‘अगर ऐसी स्थिति आती है तो हम खुद दिल्ली चले जाएंगे। हमें सरकार की उदारता की जरूरत नहीं है। हम केवल चाहते हैं कि अफजल का शव हमें लौटाया जाए।’’
गौरतलब है कि शनिवार सुबह 8 बजे संसद पर हमले के गुनहगार अफजल गुरू को तिहाड़ जेल में फांसी पर लटका दिया गया था। उसे जेल में ही दफना दिया गया था। अफजल के परिवार ने सरकार से मांग की थी कि उन्हें कब्र पर अंतिम रस्म निभाने की इजाजत दी जाए।
First Published: Tuesday, February 12, 2013, 15:24