अफजल गुरू को गुरू कहने पर बाबा रामदेव को आपत्ति

अफजल गुरू को गुरू कहने पर बाबा रामदेव को आपत्ति

अफजल गुरू को गुरू कहने पर बाबा रामदेव को आपत्तिइलाहाबाद : अफजल गुरू को फांसी दिये जाने पर कई लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अफजल को ‘गुरू’ कहे जाने पर आपत्ति व्यक्त की है। योगगुरू रामदेव ने कहा, ‘‘हमारी सभ्यता और संस्कृति से जुड़ा शब्द गुरू सम्मान और आदर का सूचक है और किसी समाज के दुश्मन को गुरू न कहा जाये। इस पर हमें घोर आपत्ति है और मुहम्मद अफजल को फांसी देकर सरकार ने देश के उपर कोई एहसान नहीं किया है और यदि अफजल को पहले फांसी दे दी जाती तो आतंकवादियों के हौसले बुलंद नहीं होते।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह सरकार कभी हिन्दू आतंकवाद, कभी भगवा आतंकवाद, कभी मुसलिम आतंकवाद के नाम पर केवल देश को तोड़ने और नफरत फैलाने का काम कर रही है। यह सरकार पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। जो अफजल कल तक सरकार की नजर में केवल मुसलमान था, वही सरकार आज बहुसंख्यक वोट को खिसकता देख मुहम्मद अफजल को आतंकवादी बता रही है।’’

रामदेव ने कहा, ‘‘देश की राजनैतिक व्यवस्था बदल रही है, आगे बदलेगी। कम से कम 300 ऐसे लोग हैं जो देश की दिशा बदलें ऐसी रणनीति पर काम हो रहा है।’’ सरकार द्वारा अपने खाते सील किये जाने की बात पर रामदेव ने कहा कि कालाधन , भ्रष्टाचार और व्यवस्था परिवर्तन की जंग को कुचलने के लिये सरकार ऐसे कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘डबल-डबल सीबीआई, सौ से ज्यादा नोटिस, सारे डोनेशन को इनकम बताना, खुद लाखों-करोड़ों की वसूली को दान और हमें मिले दान को इनकम कहती है। हम गली गली आंदोलन चलायेंगे, पूरे पापों की पोल खोलेंगे, हमें कोई डर नहीं, हमें न्यायिक व्यवस्था में पूरा विश्वास है।’’ बड़े अखाड़े के श्रीमहन्त महेश्वरदास, जूना अखाड़े के महासचिव हरिगिरी तथा महन्त बिन्दूजी ने भी मुहम्मद अफजल को गुरू कहे जाने पर आपत्ति जताई। (एजेंसी)

First Published: Saturday, February 9, 2013, 20:35

comments powered by Disqus