Last Updated: Thursday, June 28, 2012, 21:12
ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
मुंबई : मुंबई हमले के सिलसिले में गिरफ्तार अबु हमजा की मां रेहाना बेगम ने गुरुवार को दावा किया कि उसका बेटा बेगुनाह है। इसके साथ ही रेहाना ने सुरक्षा एजेंसियों पर आरोप लगाया कि वे उसे फर्जी तरीके से फंसा रही हैं। उसकी मां ने कहा कि मेरा बेटा (हमजा) आतंकी नहीं है, उसे गलत केसों में फंसाया गया है।
सउदी अरब से यहां लाए गए अबु हमजा को डीएनए परीक्षण के जरिए पहचाने जाने की खबरों के बीच मुंबई हमलों के आरोपी इस आतंकवादी की मां का कहना है कि इस परीक्षण के लिए कभी नमूना नहीं लिया गया। सैयद जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबु हमजा की मां रेहाना बेगम ने संवाददाताओं से कहा कि हमारा (रेहाना और उनके पति जकीउद्दीन) डीएनए परीक्षण कभी नहीं हुआ। ऐसा आरोप है कि हमजा मुंबई हमले के संचालकों में शामिल था और हमले के दौरान कराची स्थित नियंत्रण कक्ष से हमलावर आतंकवादियों को निर्देश दे रहा था। उसे दिल्ली पुलिस ने भारत के आग्रह पर सउदी अरब से भेजे जाने के बाद गिरफ्तार किया।
यह पूछे जाने पर कि क्या पिछले पांच-छह साल में कभी डीएनए परीक्षण के लिए उनका नमूना लिया गया, रेहाना ने नहीं में जवाब दिया। हमजा के खिलाफ 2003 में एक महिला को कथित रूप से छुरा मारने और जलाने का प्रयास करने के आरोप में पहला मामला दर्ज किए जाने के बारे में पूछने पर रेहाना ने कहा कि हम इस बारे में कुछ नहीं जानते।
First Published: Thursday, June 28, 2012, 21:12