Last Updated: Thursday, June 21, 2012, 22:35
नई दिल्ली : मानसून के न पहुंचने के कारण गुरुवार को भी दिल्ली, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत गर्मी की चपेट में रहा। उधर बिहार एवं मध्य प्रदेश में लोग बारिश के बाद उमस से जूझ रहे हैं। दिल्ली में गुरुवार की सुबह गर्म रही। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि दिन के वक्त अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार सुबह 8.30 बजे वातावरण में 40 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित कुछ इलाकों में बुधवार शाम हुई मानसून पूर्व बारिश ने जहां मौसम सुहाना बना दिया। वहीं ज्यादातर हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी से उमस बढ़ गई है और लोग गर्मी से बेहाल हैं। लखनऊ में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक तापमान एक बार फिर बढ़ने लगा है। बुधवार को कुछ इलाकों में मानसून पूर्व बारिश होने से उमस और बढ़ गई है। गुप्ता ने बताया कि अगले 24 घंटों के भीतर भारी बारिश की सम्भावना नहीं है लेकिन कुछ इलाकों में मानसून पूर्व हल्की बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान 42 डिग्री के पार दर्ज किया गया। यद्यपि मौसम विभाग ने 24 जून के बाद राज्य में बारिश की सम्भावना जताई है। ऊना कस्बा आज सबसे गर्म दिन रहा जहां का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में जारी बारिश व बूंदाबांदी ने गर्मी के असर को तो कम कर दिया है लेकिन उमस लोगों के लिए अब भी मुसीबत बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक मौसम के बदलते मिजाज ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट तो ला दी है, मगर उमस बेचैन कर देने वाली है। बीते 24 घंटों में जबलपुर में 22 मिलीमीटर बारिश होने के अलावा ग्वालियर सहित कई अन्य स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। इसके चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले 24 घंटों में जबलपुर, सागर, रीवा, होशंगाबाद सम्भाग सहित राज्य के अन्य हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। बिहार में कुछ स्थानों पर हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट हुई है लेकिन वातावरण में फैली आद्र्रता ने उमस भरी गर्मी भी बढ़ा दी है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के कई इलाकों में बीते 24 घंटों में बूंदाबांदी होने के कारण तापमान में थोड़ी कमी आई है। गुरुवार सुबह पटना का न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस, गया का 27.6 डिग्री सेल्सियस व भागलपुर का 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ए. के. सेन ने बताया कि अगले 48 घंटों के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की सम्भावना है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, June 21, 2012, 22:35