अयोध्या जा सकते हैं मोदी, विवादित स्थल पर करेंगे पूजा

अयोध्या जा सकते हैं मोदी, विवादित स्थल पर करेंगे पूजा

अयोध्या जा सकते हैं मोदी, विवादित स्थल पर करेंगे पूजाअयोध्या : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी इसी सप्ताह अयोध्या आ सकते हैं और विवादित स्थल पर पूजा भी कर सकते हैं। मोदी के इस कदम को बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

विश्व हिंदू परिषद के उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता शरद शर्मा ने कहा कि मोदी की अगुवाई के लिए विहिप नेता अशोक सिंघल, प्रवीण तोगड़िया, गोरखपुर से सांसद योगी आदित्य नाथ और योगगुरु बाबा रामदेव मंगलवार को यहां पहुंच जाएंगे।

शर्मा ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री बुधवार या शुक्रवार को अयोध्या की या़त्रा कर सकते हैं। वह राम मंदिर भी जाएंगे। उन्होंने बताया कि विहिप ने 1990 के दशक में राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका अदा करने वाले हिंदू संतों की बैठक भी बुलाई है।

विहिप नेता ने कहा कि अयोध्या की धरती से मोदी का उनके पार्टी के लोगों और मतदाताओं को संदेश आगामी चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। मोदी अयोध्या में अनेक संतों से भी भेंट करेंगे जिनमें राम जन्मभूमि न्यास ट्रस्ट के महंत नृत्य गोपाल दास भी हैं। अयोध्या में विवादित ढांचे के विध्वंस के बाद मोदी की यह पहली यात्रा है।

सूत्रों के अनुसार मोदी 1998 में लालकृष्ण आडवाणी के साथ अयोध्या आए थे, लेकिन वह मंदिर नहीं गए थे। विहिप नेता ने कहा कि मोदी का अयोध्या आना इस बात का संकेत है कि हिंदुत्ववादी ताकतें आम चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर उनके नाम पर गंभीरता से विचार कर रहीं हैं। इस बात के भी संकेत हैं कि पिछले लोकसभा चुनावों में राम मंदिर के मुद्दे पर जोर नहीं देने वाली भाजपा इस विषय को इस बार उठाएगी। (एजेंसी)

First Published: Monday, June 17, 2013, 23:44

comments powered by Disqus