अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर आज निर्णय लेगी विहिप

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर आज निर्णय लेगी विहिप

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर आज निर्णय लेगी विहिपज़ी न्यूज़ ब्यूरो
संगम (इलाहाबाद) : अयोध्या में विवादित श्रीरामजन्म भूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए प्रयाग के महाकुंभ मेला में विश्व हिन्दू परिषद बुधवार को केन्द्रीय मार्गदर्शक मण्डल की बैठक आयोजित कर रही है।

विश्व हिन्दू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि बैठक महाकुंभ में रसिया बाबा का स्थान सेक्टर-10 में होगा। बैठक में मुख्य रूप से शंकराचार्य जयेन्द्र सरस्वती श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष एवं छावनी परिषद के महंत नृत्यगोपालदास के अलावा रामजन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य महंत डा. रामविलास दास वेदान्ती, जगतगुरु धराचार्य, जगतगुरु पुरूषोत्तमाचार्य कौशलकिशोर दास, किशोरी शरण दास, शंकराचार्य वासुदेवानंद, डा. रामेश्वर दास, स्वामी विश्वेसरतीर्थ, जगतगुरु राम भद्राचार्य सहित देश के विभिन्न संत धर्माचार्य भाग लेंगे। सम्मेलन में विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक अशोक सिंघल, विहिप के कार्याध्यक्ष डॉ. प्रवीणभाई तोगड़िया, महामंत्री चम्पत राय, संगठन महामंत्री दिनेश चन्द्र तथा केन्द्रीय मार्गदर्शक मण्डल के संयोजक पं. जेवेश्वर मिश्र मौजूद रहेंगे।

मालूम हो कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्वकाल में सन् 1989 में अयोध्या में शिलान्यास और देश भर में शिलापूजन कराए जाने का निर्णय महाकुम्भ में ही लिया गया था। 6 दिसम्बर 1992 को अयोध्या में कारसेवा किए जाने की सैद्धान्तिक सहमति भी महाकुम्भ में बनी थी। हालांकि इसका औपचारिक निर्णय बाद में दिल्ली में हुआ था। सन् 2001 में विहिप ने मन्दिर के मॉडल की प्रदर्शनी लगाने का भी निर्णय महाकुम्भ में लिया था। विहिप के इस आयोजन में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी भाग लेंगे।

सन्तों का मानना है कि यह मामला आस्था का है इसलिए अदालत इसमें एक सीमा से आगे जाकर आदेश शायद ही कर पाए। उसी सन्त सम्मेलन में विहिप के संरक्षक अशोक सिंघल ने कहा था कि अब हिन्दू संसद की जरूरत आ पड़ी है। हिन्दू संसद के बगैर गोवध, आतंकवाद, धर्मान्तरण एवं मठ मन्दिरों का अधिग्रहण नहीं रूक सकता। विहिप सूत्रों ने बताया कि 7 फरवरी को महाकुम्भ क्षेत्र में आयोजित सन्त सम्मेलन में 20 हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है।

First Published: Wednesday, February 6, 2013, 08:42

comments powered by Disqus