Last Updated: Friday, July 27, 2012, 21:05
ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
नई दिल्ली : असम में जातीय हिंसा से निपटने के मामले में राज्य के मुख्यमंत्री तरूण गोगई का पूरा समर्थन करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर असम में आग में घी डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि असम में हिंसा को भाजपा जातीय रंग देने की कोशिश कर रही है।
सिंह ने उन बयानों को भी खारिज किया जिसमें असम के कोकराझाड़ और पास के जिलों में जातीय हिंसा को गुजरात के दंगों के समान बताया गया है। गोगई पर निष्क्रियता के भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस पार्टी में असम मामलों के प्रभारी सिंह ने कहा कि असम सरकार ने सभी कदम उठाये हैं जो कानून के तहत उठाये जा सकते थे।
उन्होंने यह भी कहा कि असम में जातीय हिंसा की यह कोई पहली घटना नहीं है बल्कि बोडो और मुसलमानों के बीच संघर्ष का यह चौथा मामला है। जब उनका ध्यान इस बात की ओर दिलाया गया कि भाजपा ने तथ्यों का पता लगाने के लिए एक टीम असम भेजी है तो सिंह ने कहा कि भाजपा की यह टीम आग बुझाने नहीं आग में घी डालने गई है। भाजपा शुरू से ही विस्थापन के मुद्दे का सांप्रदायिककरण करती रही है। अवैध प्रवासियों में हिंदू भी शामिल हैं जबकि भाजपा हमेशा मुसलमान अवैध प्रवासियों की बात करती है।
First Published: Friday, July 27, 2012, 21:05