आजादी के बाद सबसे बड़ा संकट झेल रहा देश: जोशी

आजादी के बाद सबसे बड़ा संकट झेल रहा देश: जोशी

आजादी के बाद सबसे बड़ा संकट झेल रहा देश: जोशीजयपुर : भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने संप्रग सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश स्वतंत्रता के बाद से अपना सबसे बड़ा संकट झेल रहा है। जोशी ने राज्य के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अपने राजनीतिक करियर के 60 वर्षों में मैंने ऐसा संकट नहीं देखा।

उन्होंने कहा कि हम हमारी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के चारों ओर से सुरक्षा समस्याओं से जूझ रहे हैं। हमारे जवान सीमा पर मारे जा रहे हैं। रपए का मूल्य गिर रहा है। बाज़ार नीचे जा रहा है। क्या यह संकट नहीं है? प्रधानमंत्री को कम से कम अर्थशास्त्री के रूप में जवाब देना चाहिए।

जोशी ने कहा कि डॉलर की तुलना में रुपये का लगातार अवमूल्यन, बेरोजगारी, खुदरा में एफडीआई और भारत की संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों पर हमले की समस्याओं ने देश को घेर लिया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अवैध है जो भ्रष्टाचार से जन्मी है, भ्रष्ट लोगों के लिए बनी है और तेल, रेल, खेल और कोयला जैसे सभी तरह के घोटालों में शामिल भ्रष्ट लोगों को पाल रही है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि आप देश और इसकी सीमा को बचाना चाहते हैं, रुपये के अवमूल्यन, एफडीआई के खतरे और महंगाई से निपटना चाहते हैं तो एक हो जाओ और राज्यों एवं देश में पार्टी की सरकार बनाओ। (एजेंसी)

First Published: Monday, August 19, 2013, 12:26

comments powered by Disqus