आडवाणी ने पीएम पर फिर साधा निशाना - Zee News हिंदी

आडवाणी ने पीएम पर फिर साधा निशाना

 

कुमटा (कर्नाटक) : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर हमला तेज करते हुए भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ‘पंगु’ हो गई है और भ्रष्टाचार के कारण कोई फैसला नहीं कर पा रही है। आडवाणी ने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण केंद्र सरकार पंगु हो गई है, सरकार निष्क्रिय हो गई है और कोई फैसला करने में नाकाम रही है।

 

भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी यात्रा के 22वें दिन एक रैली को संबोधित करते हुए आडवाणी ने प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार संबंधी एक बयान पर आपत्ति जताई। रविवार को सिंह ने राज्यपालों के सम्मेलन में कहा था कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाने का समय आ गया है।

 

आडवाणी ने सिंह के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि समय अब आ गया है। समय कई साल पहले ही आ गया था, आपके नेतृत्व में एक के बाद एक घोटाले हुए..। भाजपा नेता ने कहा कि देश के अधिकतर हिस्से में जिस एक मुद्दे पर सबसे अधिक चर्चा हो रही है, वह मुद्दा भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा, ‘ क्या लोग इस प्रकार के भ्रष्टाचार को सहन करेंगे। देश के लोग भ्रष्टाचार के कारण उदास, दुखी और परेशान हैं।

 

लोकतंत्र और वंशवाद साथ-साथ नहीं चल सकते


 

कुमटा (कर्नाटक): देश पर कई पीढ़ियों तक राज करने के लिए गांधी परिवार पर हमला करते हुए भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने मंगलवार को कहा कि लोकतंत्र और वंशवाद साथ-साथ नहीं चल सकते। जनचेतना यात्रा के 22वें दिन रैली को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि जिस तरह स्वच्छ प्रशासन और भ्रष्टाचार साथ-साथ नहीं चल सकते, उसी तरह लोकतंत्र और वंशवाद साथ-साथ नहीं रह सकते।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी रह गई है। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक नहीं बल्कि उनके बेटे, फिर उनके बेटे..इसी तरह जारी रहेगा। उन्होंने खेद जताया कि स्वतंत्रता के 60 वर्ष बाद भी भारत अब भी दुनिया के पिछड़े देशों में है और इसे अग्रणी देश नहीं माना जाता। आडवाणी ने कहा कि ऐसा इसलिए है कि अधिक समय तक सत्ता में रहने वाले लोग देश में स्वच्छ प्रशासन नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि 1947 में हमें स्वराज मिला लेकिन जिन लोगों ने राज किया वे इसे सुराज में नहीं बदल सके और स्वच्छ एवं अच्छा प्रशासन मुहैया कराने में विफल रहे।

 

आडवाणी ने कहा कि पहले के कुछ वर्ष ठीक रहे, जब हमारे पास सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे नेता थे जिन्होंने देश को एकजुट रखा। लेकिन इसके बाद स्थिति खराब होने लगी। कांग्रेस धीरे-धीरे पारिवारिक पार्टी में बदल गई।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, November 1, 2011, 21:34

comments powered by Disqus