Last Updated: Monday, March 11, 2013, 21:03

नई दिल्ली : कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि कर्नाटक में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के निराशजनक प्रदर्शन से पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की यह बात सही साबित होती है कि जनता भाजपा से निराश है।
कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने यहां संवादददाताओं से कहा, ‘आडवाणी भाजपा के वरिष्ठ नेता है। उन्होंने कहा है कि अगर जनता का मूड कांग्रेस के खिलाफ है तो भाजपा से भी उसका मोहभंग है। उनकी सिर्फ आधी बात सही है। भाजपा के बारे में उन्होंने जो कहा है वह कर्नाटक में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम से सबित होता है।’
अल्वी ने कहा कि आडवाणी ने शानिवार को यह बात कही थी और कर्नाटक की जनता ने इस पर अपनी मुहर लगा दी। आडवाणी जो कह रहे हैं वह सही है। हालांकि अल्वी ने कांग्रेस और संप्रग सरकार के बारे में आडवाणी की टिप्पणी को कोई तवज्जो नहीं दी।
उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक दल के नेता आम तौर पर दूसरे दलों का विरोध करते हैं और यह पहला मौका नहीं है कि आडवाणी ने कांग्रेस का विरोध किया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्होंने आम चुनाव से एक साल पहले अपने दल के बारे में क्या कहा है।
कर्नाटक में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में विपक्षी कांग्रेस ने आज शानदार प्रदर्शन करते हुए जनता दल सेक्युलर (जद (एस)) और सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पीछे छोड़ दिया।
राज्य में सात नगर निगमों, 43 नगर पालिकाओं, 65 शहरी नगरपालिका परिषदों और 92 शहरी पंचायतों समेत कुल 207 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए सात मार्च को मतदान हुआ था। (एजेंसी)
First Published: Monday, March 11, 2013, 21:03