'आतंकियों के निशाने पर तेल रिफाइनरी' - Zee News हिंदी

'आतंकियों के निशाने पर तेल रिफाइनरी'

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली/अहमदाबाद/जालंधर : देश में आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए गुजरात, मुंबई समेत देश के सभी तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। आईबी की रिपोर्ट से मिल रही जानकारी के अनुसार, आतंकियों के निशाने पर जामनगर तेल रिफाइनरी है। जालंधर स्थित इंडियन ऑयल की बॉटलिंग प्लांट को भी उड़ाने की आतंकवादियों ने धमकी दी है। धमकी के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी है। आईबी रिपोर्ट के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा इस आतंकी हमले को अंजाम दे सकता है।

 

जालंधर में इंडियन ऑयल डिपो की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद पुलिस ने वहां पंजाब पुलिस के जवानों के अलावा अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती कर दी है। शहर के पुलिस उपायुक्त तुलसी राम ने बताया, ‘हमने ऑयल डिपो की सुरक्षा व्यवस्था की आज समीक्षा की। इसके साथ ही वहां सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। इसके लिए हमें मुख्यालय से आदेश मिला था।’

 

यह पूछे जाने पर कि क्या किसी आतंकवादी संगठन ने इसे उड़ाने की धमकी दी थी, राम ने कहा, ‘देश भर के महत्वपूर्ण स्थानों और इमारतों पर सुरक्षा का खतरा तो है ही। हमें सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया था।’ पुलिस सूत्रों ने हालांकि बताया कि इंडियन ऑयल को उड़ाने की धमकी की सूचना थी।

First Published: Friday, May 4, 2012, 21:43

comments powered by Disqus