Last Updated: Wednesday, April 4, 2012, 06:13
ज़ी न्यूज ब्यूरोमुंबई : आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले में गिरफ्तार दो पूर्व आईएएस अधिकारियों रामानंद तिवारी और जयराज पाठक को सीबीआई बुधवार को एक विशेष अदालत के समक्ष पेश करेगी। रामानंद महाराष्ट्र के सूचना आयुक्त और नगर विकास विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव रह चुके हैं। जबकि, जयराज मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त सहित कई महत्वपूर्ण पद संभाल चुके हैं।
महाराष्ट्र के करोड़ों रुपए के विवादित आदर्श आवास सोसायटी घोटाला मामले में सीबीआई ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो निलंबित अधिकारियों डॉ. जयराज पाठक और रामानंद तिवारी को पूछताछ के बाद मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक नौ लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों ने आईएएस अफसर जयराज पाठक और पूर्व राज्य प्रधान सचिव रामानंद तिवारी को आदर्श घोटाले में उनकी भूमिका के संबंध में पूछताछ के लिए सीबीआई कार्यालय बुलाया था और दिन भर की पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने आरोप लगाया कि मुंबई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त पाठक ने इमारत की ऊंचाई 97 मीटर से बढ़ाकर 107 मीटर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। मामले में पहले से गिरफ्तार सात लोगों की न्यायिक हिरासत 17 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी गई है।
इस मामले में पहले गिरफ्तार लोगों में प्रदीप व्यास (महाराष्ट्र सरकार के निलंबित अधिकारी), अवकाश प्राप्त मेजर जनरल टी. के. कौल, मेजर जनरल (अवकाश प्राप्त) ए.आर. कुमार, ब्रिगेडियर (अवकाश प्राप्त) एम.एम. वांचू, आर.सी. ठाकुर (अवकाश प्राप्त रक्षा अधिकारी), पी. वी. देशमुख (शहरी विभाग के पूर्व उप सचिव) और के.एल. गिडवानी (आदर्श आवास के प्रमोटर) शामिल हैं।
First Published: Wednesday, April 4, 2012, 13:46