इतालवी बंधक प्रकरण: वार्ताकारों के नाम दिए - Zee News हिंदी

इतालवी बंधक प्रकरण: वार्ताकारों के नाम दिए



भुवनेश्वर : नारायण सान्याल को बतौर मध्यस्थ मानने से ओडिसा सरकार के इनकार करने तथा दो अन्य वैकल्पिक नाम सुझाने के लिए कहे जाने के बाद माओवादियों ने दो अपहृत इतालवियों की रिहाई के लिए अपनी 13 सूत्री मांग को पूरा करने की समय सीमा मंगलवार को 24 घंटे के लिए बढ़ा दी।

 

माओवादियों की ओड़िसा राज्य संगठन समिति के एक वरिष्ठ नेता ने एक निजी चैनल से कहा  कि समयसीमा अगले 24 घंटे के लिए बढ़ा दी गई है। इतालवी नागरिकों- पुरी के टूर ऑपरेटर पाओलो बॉसुस्को और पर्यटक क्लाडियो कोलानगेलो का 14 मार्च को कंधमाल जिले में ट्रैकिंग के दौरान अपहरण कर लिया गया था। नक्‍सलियों ने दो मध्‍यस्‍थों के नाम दिए हैं। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता प्रफल्‍ल सामंत रे, बीडी शर्मा शामिल हैं। इससे पहले, ओडिसा सरकार ने दिए गए पहले तीन नामों में से दो नामों को खारिज कर दिया था।

 

माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य सान्याल को वार्ताकार नियुक्त करने पर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने विधानसभा में कहा कि उसे उम्रकैद की सजा मिली है और वह जेल में है। पटनायक ने कहा कि अतएव उसे वार्ता प्रक्रिया के लिए मध्यस्थ के रूप में स्वीकार करना संभव नहीं है। माओवादियों की ओर से नामित किए गए एक अन्य वार्ताकार विश्वप्रिया कानूनगो के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि खबरों से पता चला है कि वह वार्ता प्रक्रिया में शामिल होने को इच्छुक नहीं है। पटनायक ने कहा कि राज्य सरकार को माओवादियों के नामित तीसरे वार्ताकार दंडपाणि मोहंती के नाम पर कोई आपत्ति नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि अतएव मैं भाकपा (माओवादी) के नेतृत्व से नारायण सान्याल एवं कानूनगो के स्थान पर वैकल्पिक नाम सुझाने का आह्वान करता हूं। उन्होंने राज्य सरकार का प्रतिनिधित्व करने के लिए तीन वार्ताकारों गृह विभाग के प्रधान सचिव यू एन बेहरा, पंचायती राज विभाग के आयुक्त सह सचिव पीके जेना तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनताति विभाग में सचिव एस के सारंगी के नाम की घोषणा की।

 

उधर, ओडिशा सरकार ने मंगलवार को दावा किया कि दोनों अपहृत इतालवी नागरिक सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। एक उच्च स्तरीय बैठक में मामले की समीक्षा के बाद मुख्य सचिव बीके पटनायक ने संवाददाताओं को बताया कि हमें सूचना मिली है कि माओवादियों द्वारा अपहृत दोनों इतालवी सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, March 20, 2012, 21:51

comments powered by Disqus