इलाज के बाद गांव लौटे अन्ना हजारे - Zee News हिंदी

इलाज के बाद गांव लौटे अन्ना हजारे

रालेगण सिद्धि (महाराष्ट्र):  भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे बेंगलुरू में 15 दिन रहकर इलाज कराने के बाद शनिवार को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित अपने गांव रालेगण सिद्धि लौट आए।

 

अन्ना हजारे के सहयोगी अनिल शर्मा ने बताया, अन्ना देर रात (रालेगण सिद्धि लौट आए। वह बेंगलुरू के जिंदल नेचरक्योर इंस्टीट्यूट में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से अपना इलाज करा रहे थे। वह कुछ दिन आराम करने के लिए भी वहां गए थे।मुख्य सहयोगी अरविंद केजरीवाल अन्ना हजारे के साथ थे।

 

टीम अन्ना कोर कमेटी की सदस्य किरण बेदी ने भी प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र से अन्ना को छुट्टी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने दिन में अपने ब्लॉग पर लिखा, अन्ना को पूर्णत: छुट्टी मिल गई। सभी दवाइयों से भी मुक्ति मिली। अब वह पूरी तरह ठीक हैं। उनका रक्तचाप स्थिर है। शाम तक वह रालेगण पहुंचेंगे।

 

74 वर्षीय अन्ना हजारे प्रभावी लोकपाल विधेयक के लिए अभियान चला रहे हैं। कुछ समय से वह बीमार थे। 29 जनवरी को दिल्ली के निकटवर्ती शहर गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें 30 जनवरी को बेंगलुरू के प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया था। (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 19, 2012, 08:57

comments powered by Disqus