उत्तर भारत में शीतलहर से राहत - Zee News हिंदी

उत्तर भारत में शीतलहर से राहत

 

नई दिल्ली : उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में सोमवार को बढ़ोतरी होने से निवासियों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली। दिल्लीवासी जब सुबह उठे तो कल रात में वर्षा के बाद मौसम काफी सुहावना था क्योंकि न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस था।

 

सुबह में ठंडी हवा चल रही थी जिससे दिल्लीवासियों को थोड़ी ठंडक का एहसास हुआ लेकिन साफ आसमान और धूप निकलने से इससे कोई अधिक परेशानी नहीं हुई। सुबह साढ़े आठ बजे तक 4.2 मिलीमीटर वष्रा दर्ज की गई। वर्षा रात में करीब ग्यारह बजे शुरू हुई थी।

 

आज न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक और कल के 9.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्षा पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई। राजस्थान के हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और सबसे कम तापमान सवाईमाधोपुर में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य हिस्सों में रात का तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस से 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादल छाए रहे और ऐसी स्थिति अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी। जारी पंजाब और हरियाणा के निवासियों को भी कड़ाके की ठंड से राहत मिली क्योंकि दोनों राज्यों में दो दिन तक भारी वष्रा के बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

 

मौसम विभाग ने यहां कहा कि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जहां सुबह तक 12.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

First Published: Monday, January 16, 2012, 21:02

comments powered by Disqus