Last Updated: Thursday, January 5, 2012, 08:50
चंडीगढ़/नई दिल्ली : पूरे उत्तर भारत में गुरुवार को भी कोहरे से जनजीवन प्रभावित रहा। नई दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे के कारण सामान्य जन-जीवन प्रभावित हुआ है, लेकिन आज कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
कोहरे के कारण दोनों राज्यों से गुजरने वाली ट्रेने कई घंटों की देरी से चली और इसका असर विमानों के परिचालन पर भी पड़ा।
मौसम विभाग कार्यालय ने बताया कि घने कोहरे के कारण अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और जालंधर में दृश्यता कम रही जबकि हरियाणा के करनाल, अंबाला और कुरूक्षेत्र में भी कोहरे का असर रहा। आज सुबह चंडीगढ़ में कोहरे का असर रहा हालांकि यहां का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दोनों राज्यों में अमृतसर अभी भी सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। यहां का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
लुधियाना का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। जबकि पटियाला का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस और रोहतक का 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, January 5, 2012, 18:21