Last Updated: Monday, April 2, 2012, 14:06
नई दिल्ली : रक्षा मंत्री एके एंटनी ने सेनाध्यक्ष वीके सिंह की ओर से उपकरणों की कमी का मुद्दा उठाये जाने की पृष्ठभूमि में सोमवार को सेना को निर्देश दिया कि वह खरीदी में देरी के मामलों में जिम्मेदारी तय करने के लिए खरीदी प्रक्रिया को चुस्त दुरुस्त करे। एंटनी ने सेना में महत्वपूर्ण खरीदी से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा के लिए जनरल सिंह, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रालय के अधिकारियों के साथ एक घंटे की बैठक की।
उन्होंने इस दौरान सैन्य मुख्यालयों को और वित्तीय अधिकार देने का समर्थन किया बशर्ते इससे उपकरणों और हथियार प्रणाली की खरीदी में तेजी आती हो। मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि एंटनी ने सेना को खरीदी प्रक्रिया को इस तरह से चुस्त दुरुस्त करने का निर्देश दिया, जिससे कोई विलंब होने पर जिम्मेदारी तय की जा सके। उन्होंने साथ ही मंत्रालय और सैन्य अधिकारियों से कहा कि वे तकनीकी मूल्यांकन और परीक्षण में लगने वाले समय को कम करने की संभावना तलाशें।
अधिकारियों ने बताया कि यह बैठक गत वर्ष सितंबर और इस वर्ष जनवरी में हुई पूर्व समीक्षा बैठकों की कड़ी थी। आज लिये गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा के लिए अगली बैठक का आयोजन अगले महीने किया जाएगा। इस बैठक में जनरल सिंह के अलावा रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा और मंत्रालय और सेना के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
First Published: Monday, April 2, 2012, 21:43