Last Updated: Saturday, July 27, 2013, 20:19

नई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज खाद्य सुरक्षा विधेयक को ‘ऐतिहासिक विधेयक’ करार दिया और पार्टी नेताओं से जनता के बीच इसके महत्व को प्रचारित करने को कहा। राहुल गांधी ने यहां प्रदेश कांग्रेस प्रमुखों और कांग्रेस विधायक दल के नेताओं की बैठक में अपने प्रारंभिक भाषण में कहा कि देश के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी सरकार ने जनता के भोजन के अधिकार पर कानून बनाया है।
मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय सिंह ने कहा कि गांधी ने उनसे इस विधेयक के महत्व के बारे में जानकारियों को जनता के बीच प्रचारित करने को कहा। सिंह ने साथ ही कहा कि इस विधेयक को चुनाव के साथ जोड़ना गलत होगा।
सूत्रों के मुताबिक खाद्य मंत्री केवी थामस ने बैठक में कहा कि लोगों के बीच यह गलत धारणा है कि इस कानून के लागू हो जाने के बाद जन वितरण प्रणाली समाप्त हो जायेगी। उन्होंने पार्टीजनों से इस धारणा को समाप्त करने को कहा। संजय निरूपम ने कहा कि कांग्रेस ने 2009 के आम चुनाव के पहले खाद्य सुरक्षा का अधिकार देने वाले कानून का वादा किया था और यह जरूरी है कि अगले चुनाव में उतरने से पहले हम उस वादे को पूरा करें। (एजेंसी)
First Published: Saturday, July 27, 2013, 20:19